बुलंदशहर: चूल्हे से हुक्के के लिए आग लेने पर पीट-पीटकर हत्या
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में चांदपुर बाल्मीकि बस्ती में चूल्हे से हुक्के के लिए आग लेने को लेकर एक अधेड़ व्यक्ति की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए...

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में चांदपुर बाल्मीकि बस्ती में चूल्हे से हुक्के के लिए आग लेने को लेकर एक अधेड़ व्यक्ति की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के पुत्र ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार चांदपुर बाल्मीकि बस्ती में विजय सिंह (55वर्ष) अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार रात को विजय सिंह अपने घर के पड़ौस में रहने वाले कलवा के घर में चूल्हे से हुक्के के लिए आग लेने गए थे। बताया जाता है कि कलुआ के घर में चूल्हे पर खाना बन रहा था। विजय सिंह ने अपने हाथ से चूल्हे से आग निकाल ली। खाना बनने के दौरान आग निकालने को लेकर कलवा और विजय सिंह की कहासुनी हो गई। आरोप है कि कलवा ने विजय सिंह के पेट पर घूंसे से वार करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद विजय सिंह बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इससे पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर नगर कोतवाल अखिलेश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी कलवा को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में मृतक के पुत्र अजय सिंह ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी कलवा पुत्र श्यौदान सिंह को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चूल्हे से हुक्के के लिए राख लेने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसमें आरोपी कलवा ने विजय सिंह से मारपीट कर दी, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी