ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशमेरठ में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा हादसाः मस्जिद की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, कई घायल

मेरठ में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा हादसाः मस्जिद की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, कई घायल

मेरठ में लिसाड़ी गेट क्षेत्र में अहमदनगर गली-9 स्थित मोहम्मदी मस्जिद में शुक्रवार की दोपहर जुमे की नमाज के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बनाई जा रही...

मेरठ में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा हादसाः मस्जिद की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, कई घायल
मेरठ। मुख्य संवाददाताFri, 23 Jul 2021 06:40 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

मेरठ में लिसाड़ी गेट क्षेत्र में अहमदनगर गली-9 स्थित मोहम्मदी मस्जिद में शुक्रवार की दोपहर जुमे की नमाज के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बनाई जा रही दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से दो नमाजियों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद यहां चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोग और नमाजियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान हापुड़ रोड के अस्पताल में उपचार नहीं करने का आरोप लगाकर भीड़ ने हंगामा कर दिया। हादसे की जानकारी पर शहर विधायक, एसपी सिटी, एडीएम सिटी और अन्य अधिकारी मौके पर दौड़े। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

मोहम्मदी मस्जिद में शुक्रवार दोपहर करीब 1.20 बजे नमाज के लिए लोग पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर निर्माणाधीन दीवारों पर तिरपाल बांधकर बारिश से बचने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान दबाव बढ़ा तो कमजोर दीवारें और छज्जा भरभराकर नीचे चौक में जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मौके पर चीख पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद को दौड़े। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। हापुड़ रोड स्थित मुस्कान अस्पताल में घायल मोहम्मद इमरान को लेकर लोग पहुंचे। लोगों ने उपचार नहीं करने का आरोप लगाकर यहां बवाल कर दिया।

पुलिस ने किसी तरह समझाकर लोगों को शांत कराया। दूसरी ओर हादसे की सूचना पर एडीएम सिटी अजय तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र सिंह, एसपी सिटी विनीत भटनागर और सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि अधिकारियों ने की है। मरने वालों की पहचान कारी अफ्फान निवासी गली-11 अहमदनगर और मोहम्मद इरफान पुत्र जब्बार निवासी गली-12 अहमदनगर (मूल निवासी सरधना) के रूप में हुई।

इमरान की मौत के बाद अस्पताल पर भीड़ का बवाल

लिसाड़ी गेट क्षेत्र स्थित मोहम्मदी मस्जिद में हादसे के बाद घायलों को हापुड़ रोड स्थित अस्पताल में लेकर पहुंचे लोगों ने जमकर बवाल किया। अस्पताल प्रशासन और स्टाफ पर आरोप लगाया कि उन्होंने उपचार नहीं किया, इसलिए एक व्यक्ति की मौत हो गई। हंगामे की सूचना पर फैंटम मौके पर पहुंची। बाद में नौचंदी पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद हालात काबू में किए गए। इस दौरान कुछ लोगों ने अस्पताल में जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। 

मोहम्मद मस्जिद में दोपहर करीब 1.20 बजे हादसा हुआ। इसके बाद घायलों को निकालकर लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण घायल मोहम्मद इमरान को लेकर कुछ लोग हापुड़ रोड स्थित मुस्कान हॉस्पिटल पहुंचे। यहां स्टाफ ने गंभीर हालत बताते हुए भर्ती नहीं किया। स्टाफ और लोगों में बहस हो गई। इसी बीच इमरान की मौत हो गई। इस पर साथ आए लोगों ने बवाल कर दिया। आरोप लगाया कि अस्पताल ने भर्ती नहीं किया और उपचार नहीं दिया, इसी के चलते मौत हुई है। हंगामे के दौरान स्ट्रेचर और बाकी सामान फेंक दिया। स्टाफ से खींचतान कर दी गई। अस्पताल में अंदर घुसने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना पुलिस को मिली तो नौचंदी थाने की फैंटम मौके पर आ गई, लेकिन आक्रोशित लोग नहीं माने। इसके बाद थाना पुलिस आई और स्थिति को काबू में किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें