ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशमैनपुरी में अखिलेश के लिए कितनी चुनौती? डिपंल और रघुराज की किस्मत का फैसला आज? वोटिंग शुरू

मैनपुरी में अखिलेश के लिए कितनी चुनौती? डिपंल और रघुराज की किस्मत का फैसला आज? वोटिंग शुरू

यूपी में आज मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लिए मुलायम की विरासत बचाने की चुनौतियां हैं। डिंपल यादव और बीजेपी प्रत्याशी रघुराज की किस्मत का फैसला होगा।

मैनपुरी में अखिलेश के लिए कितनी चुनौती? डिपंल और रघुराज की किस्मत का फैसला आज? वोटिंग शुरू
Deep Pandeyहिन्दुस्तान,मैनपुरीMon, 05 Dec 2022 07:11 AM
ऐप पर पढ़ें

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। 17 लाख से अधिक मतदाता सपा और भाजपा सहित छह प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। 9 लाख से अधिक पुरुष और 8 लाख से अधिक महिला मतदाता इस बार वोट की चोट करेंगे। पांच विधानसभाओं के 2239 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। सुबह 5:30 बजे मॉकपोल होगा और ठीक 7 बजे से मतदान शुरू करा दिया जाएगा। रविवार को पूरे दिन पोलिंग पार्टियां अपने-अपने गंतव्य को पहुंचीं।

मैनपुरी की चार विधानसभाओं के 1756 तथा इटावा जिले की जसवंतनगर विधानसभा के 483 कुल 2239 मतदेय स्थलों पर वोट डाले जाएंगे। इस बार सभी 2239 बूथों पर होने वाले मतदान का सीधा प्रसारण होगा। पूरे जिले को 163 सेक्टर और 28 जोन में बांटा गया है। इस बार 77 मंगलामुखी भी वोट डालने बूथ पर आएंगे। जहां तक 2019 के सामान्य लोकसभा चुनाव का सवाल है तो इस चुनाव में मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं में 57.37 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था जबकि 2014 के लोकसभा चुनाव में 61.05 फीसदी लोगों ने वोट डाले थे।

कड़ी टक्कर
मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उपचुनाव में सपा ने डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने इटावा के पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है। इस बार उपचुनाव में बसपा और कांग्रेस ने प्रत्याशी नहीं उतारा है। चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो बार, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तीन बार और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक दो बार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने दो बार मैनपुरी में प्रचार किया है। वहीं सपा खेमे में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, तेजप्रताप यादव ने मुलायम की विरासत बरकरार रखने के लिए वोट मांगे हैं। 

स्थिति
वर्ष 1989 में सपा ने यहां उदयप्रताप को चुनाव लड़ाया और जीत हासिल की। इसके बाद से लगातार सपा मैनपुरी लोकसभा सीट जीतती रही है। मैनपुरी लोकसभा में पांच विधानसभा सीटें हैं। एक विधानसभा इटावा की जसवंतनगर शामिल है। यहां 1984 में आखिरी बार कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में बलराम सिंह यादव चुनाव जीते। भाजपा मैनपुरी लोकसभा सीट पर चुनाव कभी नहीं जीत सकी है। मुलायम ने 1996, 2004, 2009, 2014, 2019 में यहां से चुनाव लड़ा। 2004  और 2014 में मुलायम के इस्तीफे के बाद उपचुनाव भी हुए। इस बार उपचुनाव मुलायम के निधन पर हो रहा है।  

2022 के उपचुनाव में ये प्रत्याशी हैं मैदान में 
प्रत्याशी         दल            चुनाव चिह्न
डिंपल यादव     सपा            साइकिल
रघुराज सिंह शाक्य भाजपा         कमल का फूल
प्रमोद कुमार यादव भारतीय कृषक दल     गन्ना, किसान 
भूपेंद्र कुमार धनगर राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी     कांच का गिलास
सुषमा देवी         निर्दलीय             बल्ला (बैट)
सुरेशचंद्र         निर्दलीय             आईसक्रीम 

जिले के मतदाताओं की स्थिति एक नजर में
विधानसभा    मतदान केंद्र     मतदेय स्थल    पुरुष        महिला        कुल मतदाता 
मैनपुरी         256        420        182655       157177        339849
भोगांव        331        451        182512        156398         338935
किशनी         330        410        165871        140501    306383
करहल         352        475        199390    167652    367048
जसवंतनगर      339        483        209899    180916    390833
कुल         1608        2239        940327    802644    1746895

चप्पे-चप्पे पर रहेगी निगाह, कदम-कदम पर रहेगा पहरा
मैनपुरी। मतदान के लिए जिला प्रशासन ने 16800 पैरा मिलिट्री फोर्स, पीएसी और स्थानीय पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी लगाए गए हैं। डीएम अविनाश कृष्ण सिंह, एसपी कमलेश दीक्षित के अलावा एएसपी राजेश कुमार और जिले के सभी पांच सीओ सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। बूथ के अंदर की सुरक्षा पैरा मिलिट्री फोर्स के हवाले रहेगी और बूथ के बाहर की सुरक्षा मैनपुरी पुलिस संभालेगी। 

चुनाव में इतना पुलिस बल रहेगा तैनात 
5 एएसपी 
14 सीओ
27 इंस्पेक्टर 
690 दरोगा
7194 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल पुरुष
300 महिला कांस्टेबल
4084 होमगार्ड
12 कंपनी सीआईएसएफ
10 कंपनी बीएसएफ
8 कंपनी एसएसबी
5 कंपनी आईटीबीपी
2 कंपनी सीआरपीएफ
18 कंपनी 2 प्लाटून पीएसी
16800 कुल पुलिसकर्मी

मैनपुरी चुनाव का फैक्ट फाइल-
163 सेक्टर में बांटा गया जिला
28 जोन जिले में बनाए गए 
2239 पोलिंग पार्टियां कराएंगी चुनाव
1608 मतदान केंद्र 
2239 मतदेय स्थल
1746895 कुल मतदाता 
9015 मतदान कर्मचारी लगाए 
1756 बूथों पर होगी वेबकास्टिंग
28 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए 

2019 लोकसभा सामान्य चुनाव
प्रत्याशी        दल    मिले वोट    प्रतिशत
मुलायम सिंह    सपा    524926          53.75
प्रेमसिंह शाक्य   भाजपा    430537          44.09
सवेंद्र सिंह     आईएनडी 2631                0.27
                नोटा     6711        0.69

2019 के चुनाव का फैक्ट फाइल 
1713583 थे इस चुनाव में मतदाता 
983082 मतदाताओं ने किया मतदान 
57.37 प्रतिशत ने डाले थे वोट 
94389 मतों से मुलायम जीते चुनाव 
12 प्रत्याशियों ने लड़ा था चुनाव 

मैनपुरी परिचय
मैनपुरी की कुल आबादी : 21 लाख 53 हजार 
मैनपुरी में महिला-10 लाख 08 हजार 
मैनपुरी में पुरुष- 11 लाख 44 हजार 
लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाता :  1746895
लोकसभा क्षेत्र में किन्नर मतदाता- 77
वर्ष 2022 में कुल महिला वोटर-802644
वर्ष 2022 में कुल पुरुष वोटर-940327
मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में कुल-2239 बूथों पर पड़ेंगे वोट
विधान सभा क्षेत्र---मैनपुरी, करहल, भोगांव, किशनी, जसवंतनगर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें