ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशप्रॉपर्टी के विवाद में दो लाख की सुपारी देकर कराई थी वकील अंजली की हत्या, शूटर सहित तीन गिरफ्तार

प्रॉपर्टी के विवाद में दो लाख की सुपारी देकर कराई थी वकील अंजली की हत्या, शूटर सहित तीन गिरफ्तार

मेरठ में अधिवक्ता अंजली गर्ग हत्याकांड का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जिनमें एक शूटर भी शामिल है।

प्रॉपर्टी के विवाद में दो लाख की सुपारी देकर कराई थी वकील अंजली की हत्या, शूटर सहित तीन गिरफ्तार
Dinesh Rathourकार्यालय संवाददाता,मेरठ।Fri, 09 Jun 2023 08:33 PM
ऐप पर पढ़ें

अधिवक्ता अंजली गर्ग हत्याकांड का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जिनमें एक शूटर भी शामिल है। तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में टीमें काम कर रही हैं। प्रॉपर्टी विवाद के चलते अंजली की हत्या कराई गई थी। आईजी रेंज ने खुलासा करने वाली टीम को प्रशस्ति पत्र और 50 हजार के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।  टीपीनगर की न्यू मेवला हाफिजाबाद कॉलोनी में 7 जून की सुबह अधिवक्ता अंजली गर्ग की घर के बाहर गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद स्कूटी सवार बदमाश फरार हो गए। क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सहित कई टीमें लगाई गईं। सीसीटीवी कैमरों के अलावा सीडीआर खंगाली गई, जिसमें पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग गया। 

शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि अंजली गर्ग की हत्या उनके पड़ोसी नीरज शर्मा ने अंजली का विवादित मकान खरीदने वाले यशपाल सिंह व सुरेश भाटी के साथ मिलकर शूटरों से कराई थी। इसमें एक शूटर अनुज उर्फ मनिहार को दबोच लिया गया है। तीन आरोपी सुरेश भाटी, गोल्डी उर्फ सागर और रोहित उर्फ काकुल फरार हैं, जिनकी तलाश में टीमें लगी हैं। उन्होंने बताया कि हत्या से एक दिन पहले शूटर अनुज उर्फ मनिहार और रोहित उर्फ काकुल को नीरज शर्मा अपने घर लाया। गोल्डी उर्फ सागर ने हथियार की व्यवस्था पहले ही करा दी थी। सुबह रोहित व अनुज स्कूटी से निकले। रोहित ने अंजलि को गोली मारी और फरार हो गए।  

यह था विवाद 

सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह ने बताया कि अंजली की वर्ष 2012 में शादी हुई और विवाद के चलते 2020 में तलाक हो गया। फैसला हुआ कि ससुराल पक्ष अंजली को पांच दुकानें देगा। अंजली को दुकान मिल गईं लेकिन उसने मकान भी कब्जाए रखा। विवाद बढ़ता देख पति व ससुर ने उस मकान की रजिस्ट्री यशपाल और सुरेश के नाम कर दी। इनके खिलाफ भी अंजली ने कई मुकदमे दर्ज करा दिए। पड़ोस में रहने वाले नीरज शर्मा का भी अंजली से विवाद चल रहा था। विवाद में समझौता न होता देख नीरज ने यशपाल व सुरेश के साथ मिलकर हत्याकांड रच दिया। 

यह आरोपी हुए गिरफ्तार 

  • यशपाल निवासी प्रेम विहार माधवपुरम मेरठ (साजिशकर्ता)
  • 2-नीरज शर्मा निवासी हफीजाबाद मेवला थाना टीपीनगर मेरठ। (मुख्य साजिशकर्ता)  
  • 3-अनुज उर्फ मनिहार निवासी ग्राम लिसाड़ी रेलवे लाइन के पास थाना लिसाड़ी गेट मेरठ। (शूटर)

यह आरोपी फरार 

  • सुरेश भाटी निवासी गली नंबर 5 रतननगर भोला रोड मेरठ। (साजिशकर्ता)
  • गोल्डी उर्फ सागर निवासी बेरीपुरा थाना टीपीनगर मेरठ। (हथियार उपलब्ध कराने वाला)
  • रोहित उर्फ काकुल निवासी बेरीपुरा टीपीनगर मेरठ। (अंजलि को गोली मारने वाला)

बरामदगी 

  • दो स्कूटी (हत्या में प्रयुक्त एक स्कूटी व एक स्कूटी नीरज के कब्जे से)
  • दो फोन व सिम कार्ड (घटना में प्रयुक्त)
  • एक तमंचा 315 बोर
  • एक बैग
  • एक मास्क

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें