ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशपाइप लाइन से बुंदेलखंड के हर घर में पहुंचेगा पानी: केशव

पाइप लाइन से बुंदेलखंड के हर घर में पहुंचेगा पानी: केशव

प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में बुंदेलखंड है। यहां पर सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। सरकार ने इसके लिए डीपीआर तैयार कर लिया है। बुंदेलखंड के...

पाइप लाइन से बुंदेलखंड के हर घर में पहुंचेगा पानी: केशव
निज संवाददाता,चित्रकूटWed, 03 Jul 2019 04:06 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में बुंदेलखंड है। यहां पर सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। सरकार ने इसके लिए डीपीआर तैयार कर लिया है। बुंदेलखंड के हर घर में अब पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंचेगा। कहा कि जल संचयन को स्वच्छता मिशन की तरह आंदोलन के तौर पर चलाया जाएगा। जब जल नहीं बचेगा तो जीवन भी सुरक्षित होना मुश्किल है।

बुधवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में विभागीय परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने बुआ व भतीजे पर भी निशाना साधा। उन्होनें यहां पर 155 करोड़ की लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। कहा कि मोदी के नेतृत्व में सरकार न बने, इसके लिए लोकसभा चुनाव के दौरान विरोधियों ने पूरी ताकत लगा दी थी। एक तरफ जातिवादी शक्तियां व गुंडागर्दी, अपराधी किश्म के लोग थे तो दूसरी तरफ विकासवादी व राष्ट्रवादी शक्तियां थी। बुआ-भतीजा का असफल गठबंधन होने के बावजूद भाजपा ने अपने सहयोगी दलों के साथ प्रदेश में 64 सीटें हासिल की। कार्यकर्ताओं ने विरोधियों के ख्वाब को चकनाचूर करने का काम किया है। लगातार एक बार फिर से लोकसभा में बुंदेलखंड की सभी चारो सीटें भाजपा की झोली मेंं कार्यकर्ताओं व जनता ने डाली है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब का विकास करने का काम किया है। प्रदेश में विकास की गति बढ़ी है। अभी भी बहुत कुछ सुधार होना बाकी है। योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों को दिया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि गरीब के नाम पर उनका वोट लेकर सत्ता हासिल करने वाले लोग पांच साल नहीं बल्कि 50 साल के लिए चले गए है। प्रदेश में भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में सड़कों की दशा सुधरी है। बुआ-भतीजा की 15 साल की सरकार में सड़कों की क्या दशा रही, यह सभी जानते है। कानून व्यवस्था में भी सुधार आया है। 

सरकार के कामकाज पर ट्वीट करने वाली कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने भाई राहुल की अमेठी सीट नहीं बचा पाए। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पत्नी को कन्नौज के साथ ही बदाऊं व फिरोजबाद से सगे संबंधियों तक नहीं जिता सके। केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जनता के लिए समर्पित है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए बहुत लड़ाई लड़ी है। कहा कि अब सात मीटर चौड़े मुख्य मार्ग के किनारे वाले 250 आबादी तक के गांवों को भी जोड़ने का काम किया जाएगा। प्रदेश में नई तकनीकि को अपनाकर लोक निर्माण विभाग ने 942 करोड़ की बचत किया है। इसके साथ ही पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी लोक निर्माण विभाग ने अच्छे कदम उठाए है। सड़कों के निर्माण में गड़बड़ी करने वाले ठेकेदार काली सूची में डाले जाएंगे। इसमें शामिल विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले डिप्टी सीएम ने धारकुंडी आश्रम पहुंचकर परमहंस महाराज का आशीर्वाद लिया। यहां पर पूजा-पाठ भी किया। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से भी डिप्टी सीएम रूबरू हुए। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें