ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशकेशव प्रसाद का ममता पर हमला, 'शाह-योगी को रोकती हैं लेकिन घुसपैठियों को बुलाती हैं'

केशव प्रसाद का ममता पर हमला, 'शाह-योगी को रोकती हैं लेकिन घुसपैठियों को बुलाती हैं'

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी(Mamata Banerjee) पर हमला करते हुए कहा कि वह सीबीआई, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य...

केशव प्रसाद का ममता पर हमला, 'शाह-योगी को रोकती हैं लेकिन घुसपैठियों को बुलाती हैं'
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीTue, 05 Feb 2019 07:11 PM
ऐप पर पढ़ें

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी(Mamata Banerjee) पर हमला करते हुए कहा कि वह सीबीआई, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को तो बंगाल आने से रोक रही हैं, लेकिन बांग्लादेशी घुसपैठियों का अपने राज्य में स्वागत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई पुलिस कमिश्नर से पूछताछ करने गई थी, पर भ्रष्ट पुलिस कमिश्नर को बचाने के लिए ममता धरने पर बैठ गईं। इससे पश्चिम बंगाल में अराजक स्थिति तो उत्पन्न ही हुई, वह सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भी अवहेलना कर रही हैं। 

मोदी को रोकने के लिए एक हुए भ्रष्टाचारी नेता
मौर्य मंगलवार को यहां 'मेरा पहला वोट मोदी को' अभियान के तहत 25 वाहनों की संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखा रहे थे। सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों के लिए  संकल्प यात्रा पर निकले इन 25 वाहनों में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 18 से 19 साल के बीच पहली बार मतदाता बने प्रदेश के करीब 13 लाख युवा मतदाताओं को मोदी को वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए देश भर के भ्रष्टाचारी नेता एक हो गए हैं। ये लोग 2014 के लोकसभा चुनाव में भी मोदी का विरोध कर रहे थे और 2019 के चुनाव में भी मोदी को रोकने के  लिए खड़े हो गए हैं।

ममता ने किया धरना खत्म, कहा-लोकतंत्र और संविधान बचाने का प्रयास सफल
 
100 में 60 हमारा, बाकी में बंटवारा
उन्होंने भाजयुमो के कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया कि वे इन वाहनों से जाकर युवाओं को बताएं कि उनका वोट देश के विकास, भ्रष्टाचार रोकने, राष्ट्रीय स्वाभिमान और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए मोदी को जाना जरूरी है। देश मोदी के नेतृत्व में विश्व की महाशक्ति बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुआ-भतीजे क्या और भी लोग आकर मिल जाएं, लेकिन ये न भूलें कि 100 में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है। इस नारे के साथ हम प्रदेश की 73 लोकसभा सीटों से ज्यादा जीतेंगे।
 
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. महेन्द्र सिंह, एमएलसी अशोक कटारिया व भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश समेत मोर्चे के कई पदाधिकारी शामिल थे।

यूपी: केशव प्रसाद मौर्य बोले- पश्चिम बंगाल में खतरे में पड़ा लोकतंत्र

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें