ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशनड्डा आज से दो दिन यूपी में, गोरखपुर में देंगे जीत का मंत्र, लखनऊ में परखेंगे बीजेपी की चुनावी तैयारियां

नड्डा आज से दो दिन यूपी में, गोरखपुर में देंगे जीत का मंत्र, लखनऊ में परखेंगे बीजेपी की चुनावी तैयारियां

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार 22 नवंबर से दो दिवसीय प्रवास पर उत्‍तर प्रदेश में रहेंगे। सोमवार को वे गोरखपुर में गोरक्षनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मंगलवार कानपुर में...

नड्डा आज से दो दिन यूपी में, गोरखपुर में देंगे जीत का मंत्र, लखनऊ में परखेंगे बीजेपी की चुनावी तैयारियां
विशेष संवाददाता ,लखनऊ गोरखपुरMon, 22 Nov 2021 06:39 AM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार 22 नवंबर से दो दिवसीय प्रवास पर उत्‍तर प्रदेश में रहेंगे। सोमवार को वे गोरखपुर में गोरक्षनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मंगलवार कानपुर में बाबा नामदेव गुरुद्वारा में मत्था टेकेंगे। गोरखपुर में वे बूथ अध्‍यक्षों को जीत का मंत्र भी देंगे। 

नड्डा सोमवार शाम लखनऊ में प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर रात में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर चुनाव की तैयारियां परखेंगे। माना जा रहा है कि शाम शाम सात बजे बैठकों का दौर शुरू होगा जो देर रात तक चलेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ पार्टी मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, महामंत्री सुनील बंसल और अन्य पदाधिकारियों के साथ मिशन-2022 के लिए तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बूथ स्तर तक की तैयारियों का जायजा लेने के साथ रणनीति पर चर्चा करेंगे। बैठकों में दोनों उप मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री भी शामिल हो सकते हैं।

गोरखपुर में बूथ अध्‍यक्षों को देंगे जीत का मंत्र

गोरखपुर क्षेत्र की 62 विधानसभा सीटों पर विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी का परचम फहराने के लिए सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र देंगे। चंपा देवी पार्क में आयोजित बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में गोरखपुर क्षेत्र के 27,637 बूथ अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। वनटांगियां बस्ती में संवाद के बाद नड्डा 4 बजे नई दिल्ली के लिए एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे।

नड्डा एक ओर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दूसरी ओर संगठन के मुखिया भी। सोमवार को चम्पा देवी पार्क में दोपहर एक बजे से 3 बजे तक बूथ पर वोट डलवाने में बड़ी भूमिका निभाने वाले बूथ अध्यक्षों के साथ उनका संवाद काफी महत्वपूर्ण होगा। भाजपा की चुनाव चक्रव्यूह में बूथ महत्वपूर्ण केंद्र है। भारतीय जनता पार्टी की समस्त राजनीतिक एवं रणनीतिक गतिविधियां इसी बूथ को केंद्र में रख कर की जा रही हैं। भाजपा ने बूथ की महत्ता को 2014, 2017 और 2019 के विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में आजमाया है। इस बार भी भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए बूथ पर अपना मोर्चा मजबूत कर रही है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों को चुनावी रण-कौशल समझाते हुए विधानसभा चुनाव में सत्ता संग्राम के लिए तैयार करेंगे। बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के सभी सांसद, विधायक, क्षेत्र व जिला स्तरीय पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी, जिला प्रभारी भी मौजूद रहेंगे।

गोरखपुर क्षेत्र में इस बार 55 सीट का लक्ष्य

2017 के चुनाव में भाजपा ने गोरखपुर क्षेत्र में 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 01 सीट सहयोगी दल को मिली। भाजपा ने इस बार गोरखपुर क्षेत्र की कुल 62 सीटों में 55 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। जिन सीटों पर पार्टी को जीत हासिल हुई थी वहां एक बार फिर से विजय हासिल करने के साथ ही जीत का अंतर बढ़ाने की रणनीति है। जिन सीटों पर जीत नहीं मिली थी, इस बार कमल खिलाने की खास तैयारी है।

गोरखपुर मंदिर का दर्शन करेंगे, गीता प्रेस जाएंगे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद जेपी नड्डा पहली बार गोरखपुर आ रहे हैं। जेपी नड्डा गोरखपुर एयरपोर्ट से 12 बजे के करीब गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। मंदिर में दर्शन करने के पश्चात वे 12.30 बजे गीता प्रेस का जाएंगे। इसके बाद चंपा देवी पार्क के लिए प्रस्थान करेंगे। पार्टी अध्यक्ष लगभग तीन घंटे बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में रहेंगे।

वनटांगियों से भी करेंगे संवाद, बलराम राजभर के घर जाएंगे

इसके बाद 3 बजे से 4 बजे तक जंगल रामगढ़ रजही उर्फ खोल टोला में वनटांगियों से संवाद करेंगे। जंगल रामगढ़ रजही खाले टोला वन टांगिया बस्ती के मुखिया एवं गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के बूथ नम्बर 349 के अध्यक्ष बलराम राजभर के आवास उनसे मुलाकात करने पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बलराम राजभर के आवास पर पार्टी अध्यक्ष के लिए जलपान के साथ ही खीर भी परोसी जाएगी। दिन भर बलराम राजभर के घर पूरा परिवार तैयारियों में जुटा रहा।

एयरपोर्ट पर नड्डा का स्वागत करेंगे सीएम योगी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, महापौर सीताराम जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य सभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला, सांसद रवि किशन शुक्ला, सांसद कमलेश पासवान, सांसद हरीश द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन एवं क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें