पति है सपा नेता, बिना तलाक दिए करने जा रहा दूसरा निकाह, भाजपा नेत्री ने मांगी पुलिस से मदद
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व सदस्य और भाजपा नेत्री सोफिया अहमद ने अपने पति शारिक अराफात पर आरोप लगाया है कि बिना तलाक दिए उसका पति शुक्रवार को दूसरा निकाह पढ़ने जा रहा है।

यूपी के कानपुर से पति-पत्नी के झगड़े का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व सदस्य और भाजपा नेत्री सोफिया अहमद ने अपने पति शारिक अराफात पर आरोप लगाया है कि बिना तलाक दिए उसका पति शुक्रवार को दूसरा निकाह पढ़ने जा रहा है। कानूनी व शरई नजर में ऐसा नहीं किया जा सकता। सोफिया ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि पति की दूसरी शादी रुकवाई जाए।
पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड ने इस प्रकरण में जांच के आदेश दिए हैं। सोफिया का पति सपा से चार बार विधायक रह चुकीं गजाला लारी का भाई है। सोफिया ने पुलिस आयुक्त को पत्र देकर अपने पति और उसकी बहन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोफिया का विवाह वर्ष 2015 में हुआ था। 2016 में दोनों के बीच संबंध खराब हो गए। आरोप है कि उसके पति ने तब एक तलाक बोल कर सम्बंध विच्छेद किए थे। इस दौरान सोफिया ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सोफिया का कहना है कि उनके पति ने रुखसती का आवेदन देकर ससुराल वापसी करा ली। उलमा से सलाह ली गई तो उन्होंने कहा कि तलाक नहीं हुई है और वे साथ रह सकते हैं। वर्ष 2019 से 2021 के बीच आना जाना जारी रहा। इस दौरान कई बार धमकियां भी मिलीं लेकिन उसे नजरंदाज कर दिया। वर्ष 2021 में मां के इंतकाल के बाद कई तरह की डिमांड शुरू हो गईं। इसे पूरा करना संभव नहीं था। पिता का निधन पहले ही हो चुका था। ससुराल में उस पर लगातार भाजपा छोड़ने का दबाव भी बनाया जा रहा था।
सोफिया ने कहा कि पति शारिक जहां विवाह करने जा रहा है वहां से फोन आया तो पता चला कि 27 को वह दूसरी शादी करने जा रहा है। पुलिस के पास गई तो उसका कहना था कि दूसरी शादी वह कर सकता है। यह शरई मामला है। शरिया कोर्ट से इसकी स्पष्ट व्याख्या लिखाकर लाई। इस पर लखनऊ जाकर दारुल इफ्ता नदवतुल उलमा लखनऊ के मुफ्ती मोहम्मद मुस्तकीम नदवी और मसऊद हसन हसनी से फतवा मांगा।
फतवे में जवाब मिला कि जो शख्स बीवी बच्चों के हुकूक व जिम्मेदारियों को पूरा नहीं करता है बल्कि उसमें कोताही व नजरंदाज करता है तो ऐसा शख्स सख्त गुनाहगार होगा और इन्दल्लाह जवाबदेह होगा। पुलिस आयुक्त ने कहा कि शिकायत आई है। इस बारे में पूरी जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।