पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में बारिश से 5 की मौत, सीएम योगी ने रद किया बाराबंकी दौरा

Sep 16, 2021 01:28 pm ISTAjay Singh हिन्‍दुस्‍तान टीम , लखनऊ
share

पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश की वजह से हाल बेहाल है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति है। पेड़, दीवार गिरने और करंट उतरने की वजह से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। इस बीच तेज बारिश...

पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में बारिश से 5 की मौत, सीएम योगी ने रद किया बाराबंकी दौरा

पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश की वजह से हाल बेहाल है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति है। पेड़, दीवार गिरने और करंट उतरने की वजह से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। इस बीच तेज बारिश के चलते मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का बाराबंकी दौरा निरस्‍त हो गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में जगह-जगह जलभराव से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने भी सड़क पर पानी लगा दिख रहा है। बाराबंकी के ढेमा गांव में लगातार बारिश के चलते बुधवार की एक कच्‍ची दीवार गिर गई। इसके मलबे के नीचे से आज सुबह पिता-पुत्र का शव मिला। सीतापुर के नवाबपुर गांव में भी पक्‍की दीवार ढहने से एक बच्‍चे की मौत और तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। अमेठी के लुगरी में भी कच्‍ची दीवार गिरने से उनके मलबे में दबकर एक व्‍यक्ति की मौत हो गई। रायबरेली के टिकरिया गांव में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई। रायबरेली-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ गिरने से घंटों जाम लगा रहा। बगल से निकलने के चक्कर मे एक टूरिस्ट बस दलदल में फंस गई। भारी बारिश के चलते रायबरेली और अयोध्या में कक्षा एक से आठ तक के स्कूल आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। 

दुर्घटनाग्रस्‍त होने से बची साबरमती एक्‍सप्रेस 

बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण दरियाबाद रुदौली स्टेशन के बीच दो स्थानों पर चार पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गए। इसके चलते रेलवे ट्रैक पर यातायात ठप हो गया। इस दौरान साबरमती, सद्भावना सहित पांच एक्सप्रेस ट्रेनें 3 से 4 घंटे प्रभावित रहीं। काफी मशक्कत के बाद गिरे पेड़ों को ट्रैक से हटाया जा सका। जिसके बाद इस रूट पर यातायात बहाल हुआ।

अमेठी में एसपी का दफ्तर डूबा, सैकड़ों गांव का संपर्क कटा

पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने अमेठी में भी जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के चलते जिले के एसपी पुलिस अधीक्षक का कार्यालय डूब गया है। वही सैकड़ों गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क कर चुका है। कई मकान जमींदोज हो गए हैं। जनहानि की भी सूचना है।

मंगलवार की रात से शुरू हुई बरसात बुधवार को पूरे दिन और रात में भी जारी रही जिसके चलते हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। बारिश के साथ तेज हवा भी बहने लगी। जगह-जगह जलभराव हो जाने से कई गांव डूब गए हैं। गांव के साथ ही शहरों में भी बरसात ने कहर बरपाया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बारिश का पानी घुस गया जिससे पुलिस अधीक्षक के ऑफिस सहित कई अन्य दफ्तर भी डूब गए। 

पानी निकालने के लिए लेनी पड़ी फायर ब्रिगेड की मदद

पानी निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद लेनी पड़ी। बरसात के चलते सीएमओ दफ्तर भी जलमग्न हो गया। अस्पताल जाने वाला मुख्य मार्ग व अस्पताल परिसर पानी से लबालब है। असैदापुर स्थित विद्युत उप केंद्र बीएसएनएल का दूरभाष केंद्र सहित कई प्रमुख सरकारी दफ्तर जलभराव की चपेट में हैं। जिलाधिकारी आवास के चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। बारिश से पूरे रामदीन, असैदापुर, सरैया मानिकचंद नगरवा रग्घूपुर समेत कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क कट गया है। 

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।