गर्मी का कहर, यूपी-बिहार में एक ही दिन 31 मतदानकर्मियों की मौत, अकेले मिर्जापुर में 13 की जान गई

May 31, 2024 10:14 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ पटना
share Share
Follow Us on

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण से ठीक पहले गर्मी ने मतदानकर्मियों पर कहर ढाया है। यूपी-बिहार के आधा दर्जन जिलों में शनिवार को होने वाली वोटिंग को पहुंचे 31 मतदानकर्मियों को गर्मी ने मौत की नींद सुला दिया।

गर्मी का कहर, यूपी-बिहार में एक ही दिन 31 मतदानकर्मियों की मौत, अकेले मिर्जापुर में 13 की जान गई

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण से ठीक पहले गर्मी ने मतदानकर्मियों पर कहर ढाया है। यूपी-बिहार के आधा दर्जन जिलों में शनिवार को होने वाली वोटिंग कराने पहुंचे 31 मतदानकर्मियों को गर्मी ने मौत की नींद सुला दिया है। कई मतदानकर्मी बीमार हैं। यूपी के मिर्जापुर में ही 13 मतदानकर्मियों की मौत हुई है। इसमें सात होमगार्ड हैं।  एक ही दिन इतनी बड़ी संख्या में मतदानकर्मियों की मौत से हड़कंप मचा हुआ है। इसके अलावा वाराणसी औऱ सोनभद्र में 3-3, मऊ और चंदौली में एक-एक कर्मचारी की मौत हो गई है। बिहार में 10 मतदानकर्मियों की मौत हुई है। यहां अधिकतर मौतें भोजपुर में हुईं। जहां चुनाव ड्यूटी पर तैनात पांच अधिकारियों की लू लगने से मौत हो गई। रोहतास में तीन चुनाव अधिकारियों की मौत हो गई, जबकि कैमूर और औरंगाबाद जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। 

मिर्जापुर में लोकसभा चुनाव के लिए ड्यूटी पर तैनात 13 चुनावकर्मियों की शुक्रवार को तेज बुखार और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। 23 अन्य चुनावकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि इन सभी कर्मियों की मौत के सटीक कारण का पता भी नहीं चल सका है। मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजबहादुर कमल ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों में सात होमगार्ड जवान, तीन सफाई कर्मचारी, सीएमओ कार्यालय में तैनात एक लिपिक, एक चकबंदी अधिकारी और होमगार्ड टीम का एक चपरासी शामिल है।

भीषण गर्मी से वाराणसी में महाश्मशान पर टूटे रिकॉर्ड, शवों के आने का आंकड़ा 400 पार

उन्होंने बताया कि जब ये मरीज जब मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए तो उन्हें तेज बुखार, उच्च रक्तचाप और बढ़ी हुई शुगर की शिकायत थी। डॉ. कमल ने कहा, ''13 मृतकों में से चार को मृत अवस्था में लाया गया था। इन चार में से दो होमगार्ड के जवान थे। मरने वाले कुल सात होमगार्ड जवानों में से पांच की मौत 20-25 मिनट के अंतराल में अस्पताल लाए जाने के बाद हुई। मृतक होमगार्ड 50-55 साल की उम्र के थे।''

उन्होंने बताया कि अभी अस्पताल में 23 चुनावकर्मी भर्ती हैं, जिनमें से एक पीएसी का जवान, एक अग्निशमन सेवा का जवान और एक पुलिस का जवान है। उन्होंने कहा, ''इन सभी मरीजों को तेज बुखार, उच्च रक्तचाप और बढ़ी हुई शुगर की शिकायत थी। लगभग सभी का रक्तचाप और शुगर का स्तर अधिक था। ज्यादातर होमगार्ड एक से अधिक बीमारी के शिकार थे।'' प्राचार्य के मुताबिक, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा।

मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने 'एक्स' पर अपने वीडियो संदेश में बताया कि, ''जनपद मिर्जापुर में एक जून को लोकसभा का चुनाव होना है। आज चुनावकर्मियों को रवाना किया गया था। इसी दौरान छह होमगार्ड की दुखद मृत्यु हो गई। इनमें से दो होमगोर्ड दो जनपद गोंडा के रहने वाले थे, जबकि एक-एक होमगार्ड प्रयागराज, बस्ती, कौशांबी और मिर्जापुर का निवासी था।'' उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया हैं और उनके परिवारों को सूचना दे दी गई है। 

सात चुनावकर्मियों की मौत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने हिंदी में 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा,''मिर्जापुर में सात चुनावकर्मियों की मौत की खबर बेहद दुखद है। सरकार अपना मौन तोड़े और बदइंतजामी की वजह से उजड़ चुके परिवारों को भावनात्मक राहत देने के लिए आगे आए।''

उन्होंने कहा,''सरकार पांच होमगार्ड, सीएमओ कार्यालय के एक लिपिक और एक सफाईकर्मी के परिवार के लिए तुरंत पांच-पांच करोड़ रुपये का मुआवजा घोषित करे और जो अन्य कर्मी गर्मी के कारण बीमार पड़ गये हैं उन सभी लोगों को बेहतरीन उपचार उपलब्ध कराए।''

यादव ने आरोप लगाया कि इस सरकार में कर्मचारियों के जीवन का कोई मोल नहीं है। उन्होंने कहा कि वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप कर्मचारियों को सही समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है, ना ही उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ मिल रहा है। यादव ने कहा कि कर्मचारियों को अनावश्यक कामों में उलझाकर उन्हें तनावग्रस्त जीवन जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है। 
 
वाराणसी में तीन चुनावकर्मियों की टूटी सांस 
वाराणसी में शुक्रवार को मतदान केंद्रों पर तैनात तीन लोगों की मौत हो गई। नुआवं (लंका) में मतदान केंद्र के मतदान अधिकारी प्रथम 54 वर्षीय अब्दुल्ला अंसारी का निधन हो गया। लोहता में 52 वर्षीय होमगार्ड वीरपाल सिंह का निधन हो गया। जबकि चौक के ठठेरी बाजार में मतदान केंद्र के कर्मी 55 वर्षीय त्रिलोकी की सांस टूट गई। आशंका है कि सभी मौत लू लगने से हुई है। हालांकि जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। 

नुआंव स्थित प्राथमिक विद्यालय पर बने मतदान केंद्र के बूथ संख्या 345 के मतदान अधिकारी प्रथम अब्दुल्ला अंसारी थे। पोलिंग पार्टी के साथ वह जगतपुर इंटर कॉलेज से चुनाव सामग्री लेकर निकले थे। मतदान केंद्र से करीब चार सौ मीटर पहले बस में बेहोश हो गये। साथी कर्मचारी निजी अस्पताल ले गये, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वह बजरडीहा निवासी थे। घर के निकट मदरसा में अध्यापक थे। लंका पुलिस ने उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।  

होमगार्ड वीरपाल सिंह की ड्यूटी लोहता बाजार में गौतमबुद्ध बालिका विद्यालय पर थी। अचानक तबियत खराब हुई और निधन हो गया। वह संभल जिले के बहजोई थाने के रफीपुर के निवासी थे। लोहता पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, ठठेरी बाजार स्थित मतदान केंद्र पर तैनात काशी विद्यापीठ के ज्ञानचंद मंदित बाल विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी त्रिलोकी का निधन हो गया।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |