ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशGOOD NEWS: पुलिसकर्मियों को 10 दिन में मिलेगा अवकाश, जानें नियम शर्तें

GOOD NEWS: पुलिसकर्मियों को 10 दिन में मिलेगा अवकाश, जानें नियम शर्तें

पुलिस कर्मियों के लिए एक खुशखबरी है। एक सितंबर से हर दस दिन बाद पुलिस कर्मियों को एक दिन का अवकाश मिलेगा। अवकाश 24 घंटे का होगा। इस दौरान विषम परिस्थितियों में ही उन्हें ड्यूटी पर बुलाया जाएगा।...

GOOD NEWS: पुलिसकर्मियों को 10 दिन में मिलेगा अवकाश, जानें नियम शर्तें
हिन्दुस्तान टीम,आगराSat, 24 Aug 2019 04:06 PM
ऐप पर पढ़ें

पुलिस कर्मियों के लिए एक खुशखबरी है। एक सितंबर से हर दस दिन बाद पुलिस कर्मियों को एक दिन का अवकाश मिलेगा। अवकाश 24 घंटे का होगा। इस दौरान विषम परिस्थितियों में ही उन्हें ड्यूटी पर बुलाया जाएगा। छुट्टी के दिन पुलिसकर्मी बिना अनुमति जिला नहीं छोड़ेंगे। वर्ष 2016 में भी इस तरह की व्यवस्था की गई थी। कुछ माह बाद अवकाश मिलना बंद हो गया था। 

पिछले दिनों गाजियाबाद और बिजनौर में पुलिस कर्मियों ने आत्महत्या की थी। डीजीपी ओपी सिंह ने इसे बेहद गंभीरता से लिया था। माना गया था कि पुलिस कर्मी तनाव में रहते हैं। परिजनों को समय नहीं दे पाते हैं। इसलिए उनके घर छोटी-छोटी बातों पर विवाद होते हैं। इसी के बाद पुलिस कर्मियों को अवकाश देने पर विचार हुआ था।

एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि आगरा में यह व्यवस्था एक सितंबर से लागू हो जाएगी। देहात के 24 और शहर के चार थानों का रोस्टर बना लिया गया है। एक सितंबर से हरीपर्वत, न्यू आगरा, एमएम गेट और छत्ता थाने के पुलिस कर्मियों को अवकाश मिलना शुरू हो जाएगा। देहात में 25 थाने हैं। फिलहाल 24 थानों का रोस्टर बनाया गया है। एक थाने में फोर्स की कमी के चलते फिलहाल इस रोस्टर से बाहर रखा गया है। पुलिस कर्मियों की संख्या का संतुलन बनाने के बाद उस थाने में भी यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

सिपाही और दरोगा को अवकाश

एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सिपाही, हैड कांस्टेबिल, दरोगा सभी को अवकाश मिलेगा। प्रतिदिन किसी न किसी पुलिस कर्मी का अवकाश रहा करेगा। हर थाने में अवकाश रजिस्टर बनाया जाएगा। जिसमें यह अंकित होगा कि किस दिन किस पुलिस कर्मी का अवकाश है। थाना प्रभारियों के लिए यह व्यवस्था लागू नहीं रहेगी। चौकी प्रभारियों को अवकाश मिला करेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें