कोरोना: एनसीआर के जिलों में आवागमन पर पूरी सतर्कता बरती जाए: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनसीआर के जिलों में आवागमन पर पूरी सतर्कता रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इन जिलो में सावधानी बरत कर कोविड-19 के प्रसार को रोका जा सकता है। मुख्यमंत्री...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनसीआर के जिलों में आवागमन पर पूरी सतर्कता रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इन जिलो में सावधानी बरत कर कोविड-19 के प्रसार को रोका जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को टीम -11 की समीक्षा बैठक में यह बैठक कही। उन्होंने मेरठ मंडल के सभी जिलों मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर में 10 दिवसीय सघन सर्विलांस अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर संचालित किया जाए। अभियान की सफलता के लिए ग्राम पंचायत और वार्ड वार मेडिकल स्क्रीनिंग टीम का गठन करते हुए घर-घर जाकर मेडिकल स्क्रीनिंग की जाए। इस कार्य के लिए मेरठ मंडल में 15 हजार टीम गठित की जाएं। उन्होंने मेरठ मंडल में जरुरत के मुताबिक चिकित्सा कर्मियों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने में कोविड हेल्प डेस्क एक मजबूत कड़ी सिद्ध होगी। सरकारी व निजी संस्थानों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना को प्राथमिकता प्रदान करते हुए इनका सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोविड हेल्प डेस्क में इंफ्रारेड थर्मामीटर और पल्स आक्सीमीटर अवश्य उपलब्ध रहे और हेल्प डेस्क पर कार्यरत कर्मियों के लिए मास्क, ग्लव्स और सेनिटाइजर की व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने कोविड और नान कोविड अस्पतालों की सेवाओं की निरंतर मानिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी अस्पतालों में आवश्यक आपरेशन किए जाएं। कोविड-19 का टेस्ट करते हुए जरूरत के अनुसार उपचार करें। उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि एम्बुलेंस सेवाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों को प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना लक्षण वाले कोविड संक्रमित को भी कोविड चिकित्सालय में भर्ती कराया जाए। इस बात का ध्यान रखें कि वह किसी अन्य बीमारी से ग्रसित न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में एक क्वारंटाइन सेन्टर को निरंतर सक्रिय रखते हुए उसके साथ कम्युनिटी किचन की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने पुलिस बल को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए सभी उपाय किए जाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने खाद्यान्न वितरण अभियान के आगामी चरण के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण अभियान को सुचारु ढंग से संचालित करते हुए सभी जरूरतमंदों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।