ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअलीगढ़ में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, आधा दर्जन लोगों के दबे होने की आशंका

अलीगढ़ में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, आधा दर्जन लोगों के दबे होने की आशंका

अलीगढ़ के घनी आबादी क्षेत्र ऊपरकोट में शुक्रवार देर रात एक पांच मंजिला मकान भरभरा कर गिर गई। मकान के मलबे में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका है। मलबा हटाने में टीमें लगी हैं।

अलीगढ़ में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, आधा दर्जन लोगों के दबे होने की आशंका
Yogesh Yadavहिन्दुस्तान,अलीगढ़Fri, 14 Oct 2022 11:45 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

अलीगढ़ के घनी आबादी क्षेत्र ऊपरकोट में शुक्रवार देर रात एक पांच मंजिला मकान भरभरा कर गिर गई। मकान के मलबे में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका है। स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मलबा हटाने में लगी हैं। सूचना पर डीएम, एसएसपी सहित अन्य अधिकारी भी पहुंच गए हैं। कुछ घायलों को अस्पताल भेजा गया है। 

पुलिस के मुताबिक शाकिर ताले वालों का ऊपरकोट सुनहट घड़े वालों के सामने पुराना पांच मंजिला मकान बना हुआ था। जर्जर होने के कारण मकान में कोई नहीं रहता था। मकान के नीचे दिन में फड़ लगती थी। वहीं रात के समय में बेसहारा लोग सो जाते थे।

शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में मकान के नीचे सो रहे व आसपास से गुजर रहे लोग और फड़-ढेले वाले चपेट में आ गए। करीब एक दर्जन भर लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार मच गई।

मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही डीएम इंद्रविक्रम सिंह, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एडीएम सिटी विवेक चतुर्वेदी, एसपी सिटी कुलदीप गुणावत, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

रेसक्यू ऑपरेशन के लिए बुलाई गई जेसीबी ने मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। घायलों में एएएमयू कर्मी अख्तियार अहमद, जमालपुर मस्जिद के मौलाना अब्दुल्लाह सहित अन्य घायल जिला अस्पताल ले जाए गए। इन घायलों ने बताया कि वह वहां से गुजर रहे थे, तभी मलबे की चपेट में आ गए।

डीएम इंद्रविक्रम सिंह के अनुसार राहत कार्य जारी है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में हो रहा है।

घायलों को मेडिकल कॉलेज में भी ले जाए गए

ऊपरकोट हादसे में हुए घायलों को जिला अस्पताल व मेडीकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि सभी घायल खतरे से बाहर थे। किसी के हाथ, पैर तो किसी के सिर में चोट आई।

जर्जर भवन की सूची में शामिल नहीं था मकान

नगर निगम द्वारा शहर में 90 जर्जर भवनों को पूर्व में चिन्हित किया जा चुका है। हालांकि नगर निगम अधिकारियों ने हादसे के बाद रात में ही स्पष्ट कर दिया कि यह इमारत जर्जर भवन की सूची में शामिल नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें