कुशीनगर में बड़ा हादसा: पटाखे के अवैध गोदाम में विस्फोट, चार की मौत, 10 झुलसे

Ajay Singh हिन्‍दुस्‍तान टीम , कुशीनगर
Follow us on Google News
share

कुशीनगर के कप्तानगंज के आर्यनगर वार्ड में बुधवार की सुबह करीब 7 बजे अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से फैक्ट्री संचालक समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मरने वालों में तीन...

कुशीनगर में बड़ा हादसा: पटाखे के अवैध गोदाम में विस्फोट, चार की मौत, 10 झुलसे

कुशीनगर के कप्तानगंज के आर्यनगर वार्ड में बुधवार की सुबह करीब 7 बजे अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से फैक्ट्री संचालक समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मरने वालों में तीन फैक्ट्री संचालक के परिवार के जबकि एक पड़ोसी की बेटी थी।

फैक्ट्री घनी आबादी और संकरी गली में होने की वजह से थी फायर ब्रिगेड की गाड़ी वहां तक पहुंच ही नहीं सकी। 200 मीटर दूर से पानी डाला गया। मौके पर पहुंचे डीएम भूपेन्द्र एस चौधरी और एसपी विनोद कुमार सिंह ने यह जानते ही कि पटाखा फैक्ट्री अवैध थी, कस्बा चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच सीओ कसया पियूष कांत राय को सौंपी गयी है।

Voice of UP

कप्तानगंज के आर्यनगर वार्ड में घनी आबादी के बीच जावेद (35) अपने दो मंजिले घर में पटाखे की फैक्ट्री चलाता था। दीपावली को देखते हुए उसने बड़ी मात्रा में पटाखे तैयार किए थे। घर को ही गोदाम बना रखा था। इसी में परिवार भी रहता था। सुबह उसकी बीवी अनवरी (32) और मां फातिमा (65) के साथ घर में मौजूद था। पटाखा बना रहा था तभी अचानक आग लग गयी। सुबह सात बजे पटाखों में विस्फोट होने लगा। कुछ ही क्षण में आग किचन के पास रखे सिलेंडर तब पहुंच गयी और विस्फोट हो गया। इस दौरान जावेद व उसकी मां की जलकर मौत हो गयी। झुलसी बीवी अनवरी बचने के प्रयास में छत पर भाग गयी थी। पड़ोसी नबी हसन के मकान में भी आग पहुंच गयी और यह परिवार भी आग में घिर गया। 

चीख-पुकार के बीच घिरे लोग किसी तरह भागे मगर नबी हसन के भाई अली हसन की बेटी नाजिया (14) नहीं भाग पायी और उसकी भी घर में ही जलकर मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों मकानों से झुलसे लोगों को बाहर निकाला। तीन शव निकाले गए। दो जावेद के घर से और तीसरी अली हसन के घर से बेटी की लाश निकाली गयी। जावेद के घर से निकाले गए शव इतने जल चुके थे कि पहचान मुश्किल थी। उसकी झुलसी पत्नी अनवरी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। 


कड़ी मशक्कत के बीच पाया काबू

मौके पर समय से पुलिस व तमाम साहसी लोग बचाव कार्य के लिए पहुंच गए थे। आगे-पीछे जहां भी वाटर सप्लाई का पानी मिला, पाइप जोड़ कर पानी डाला जाने लगा मगर यह पानी विकराल आग के सामने बेहद मामूली साबित हुआ। करीब एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी संकरी गलियों में फंस कर मौके पर नहीं जा पायी। दो सौ मीटर दूर से पाइप के जरिए पानी डाला गया। करीब पौने दस बजे पर आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। 

10 लोग गंभीर रूप से झुलसे
पुलिस ने बताया कि घटना में रामसजन (25) पुत्र वकील, अफसाना (40) पत्नी अली हसन, शमां हसन (18) पुत्री अली हसन, नेहा (17) पुत्री अली हसन, प्रियंका (30) पत्नी रामसेवक, चंदन (14) पुत्र रामसेवक, साहिल (20) पुत्र अली हसन, चांदनी (24) पुत्री अली हसन, सेराज इरानी (30), आजिल (20) पुत्र अली हसन, हसनैन पुत्र अली हसन तथा एक अज्ञात युवक झुलस गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से चार की हालत गंभीर देख गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटना हृदय विदारक है। घनी आबादी के बीच पटाखा फैक्ट्री अवैध ढंग से चल रही थी। जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सीओ को विस्तृत जांच रिपोर्ट देने को कहा है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विनोद कुमार सिंह, एसपी, कुशीनगर

घटना झकझोर देने वाली है। इस मामले में प्रथम दृष्ट्या कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आयी है। एसपी ने कार्रवाई की है। इस मामले में अन्य जो भी दोषी होगा, सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हर पहलू की जांच करायी जा रही है।
भूपेन्द्र एस चौधरी, डीएम, कुशीनगर
 

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।