ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशजेल में गैंगवॉर: बागपत जेल में बंदियों के दो गुटों में संघर्ष, जेल कर्मी समेत पांच घायल

जेल में गैंगवॉर: बागपत जेल में बंदियों के दो गुटों में संघर्ष, जेल कर्मी समेत पांच घायल

उत्तर प्रदेश के बागपत जिला जेल में मंगलवार की शाम बंदियों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें दो जेल कर्मचारियों सहित पांच से अधिक बंदी घायल हो गए। जेल के अधिकारियों को स्थिति...

जेल में गैंगवॉर: बागपत जेल में बंदियों के दो गुटों में संघर्ष, जेल कर्मी समेत पांच घायल
हमारे संवाददाता,खेकड़ा(बागपत)Wed, 06 Mar 2019 12:51 AM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के बागपत जिला जेल में मंगलवार की शाम बंदियों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें दो जेल कर्मचारियों सहित पांच से अधिक बंदी घायल हो गए। जेल के अधिकारियों को स्थिति नियंत्रित करने के लिए पीएसी बुलानी पड़ी। पीएसी ओर बंदी रक्षकों ने बल प्रयोग करते हुए दोनों गुटों के बंदियों को अलग किया। जेल में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

बागपत की जिला जेल में 850 के करीब बंदी बंद है। इनमें कई कुख्यात भी शामिल हैं। मंगलवार को 30 से अधिक बंदियों की बागपत न्यायालय में पेशी थी। इनमें सिलाना का रहने वाला बंदी सन्नी ओर बामडौली का अंकित भी शामिल था। बताया जाता है कि पेशी के दौरान न्यायालय की हवालात में सन्नी ओर अंकित के बीच आपसी वर्चस्व को लेकर कहासुनी हो गई। तब पुलिस कर्मियों ने उन्हें शांत किया। शाम करीब छह बजे पुलिस कर्मी बंदी वाहन से बंदियों को जेल पर लेकर पहुंचे। जेल पहुंचते ही सन्नी ओर अंकित के बीच मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों गुटों के कई और बंदी भी वहां पहुंच गए। इसके बाद उनके बीच भी मारपीट शुरू हो गई।

बताया जाता है कि कई बंदी चम्मच आदि लिए हुए थे। उन्होंने उनसे एक-दूसरे पर प्रहार किए। जेल में बंदियों के बीच सघर्ष होता देख जेल अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने तुरंत ही जेल के बाहर मौजूद पीएसी को जेल के अंदर बुलाया। इसके बाद पीएसी के जवानों ओर बंदी रक्षकों ने बल प्रयोग करते हुए बंदियों के दोनों गुटों को अलग- थलग किया। उन्हें अलग-अलग बैरिकों में बंद कराया। बताया जा रहा है कि संघर्ष में सन्नी, अंकित ओर मोहित सहित चार से अधिक बंदी घायल हुए है। बीच-बचाव के दौरान दो जेल कर्मचारी भी घायल हुए। सभी घायलों को जेल के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया गया। बंदियों के बीच हुए संघर्ष के बाद जेल में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

जेल के अधिकारी दोनों गुटों के बंदियों पर नजर रख रहे है। जेलर रविंद्र कुमार का कहना है कि बंदियों के दो गुटों के बीच पेशी के दौरान कहासुनी हो गई थी। इसी को लेकर जेल के अंदर भी वे आपस में भिड़ गए थे। दोनों गुटों के बंदियों को अलग-अलग बैरिकों में बंद कर दिया गया है। दोनों गुटों के बंदियों पर नजर रखी जा रही है।

दो दिन पहले भी भिड़े थे दोनों गुटों के बंदी
खेकड़ा। सन्नी ओर अंकित गुट के बंदियों के बीच तनातनी पिछले काफी दिनों से चली आ रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी दोनों गुटों के बीच न्यायालय की हवालात में कहासुनी हुई थी। तब पुलिस कर्मियों ने उन्हें समंझा-बुझाकर शांत करा दिया था। मंगलवार को फिर इसी विवाद को लेकर दोनों गुटों के बंदियों के बीच संघर्ष हो गया।

हिन्दुस्तान ने जेल में गैंगवॉर की पहले ही जताई थी आशंका
खेकड़ा। जिला जेल के हालात देखते हुए हिंदुस्तान ने पहले ही जेल में गैंगवार व बंदियों के बीच मारपीट की आशंका जताई थी। गत 4 फरवरी को ही हिंदुस्तान समाचार पत्र ने पेज तीन पर जेल में भी है गैंगवॉर जैसे हालात नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। लेकिन जिला जेल प्रशासन मामले को ठंडे बस्ते में डाले रहा। लिहाजा जिला जेल में बंदी एक दूसरे की जानी दुश्मन बने हुए है।

मुन्ना बजरंगी को उतारा जा चुका है मौत के घाट
खेकड़ा। बागपत की जिला जेल का विवादों से पुराना नाता है। जेल कर्मियों की कमी के चलते जेल में आए दिन बंदियों के बीच मारपीट ओर संघर्ष की घटनाएं होती रहती है। करीब दो वर्ष पहले मेरठ का बंदी रिजवान जेल की एम्बुलेंस से कूदकर फरार हो गया था। पिछले वर्ष एक बंदी ने जेल परिसर से ही भागने का प्रयास किया था। नो जुलाई 2018 को तो जेल के अंदर पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गम्भीर आरोप लगे थे। 

हप्पू ओर प्रमोद गांगनोली गैंग के बताए जा रहे बंदी-
जेल में संघर्ष करने वाले बंदी अजित उर्फ हप्पू और प्रमोद गांगनोली गैंग के बताए जा रहे है। मंगलवार को प्रमोद का भाई रवि, बावली का मनीष, काठा का अनिल, टोनी ओर टीटू भी पेशी पर गए थे। इसी दौरान दोनों गुटों के बीच बंदी वाहन में भी मारपीट हुई। जेल में संघर्ष के दौरान भी ये कुख्यात बदमाश शामिल रहे। सूत्रों की माने तो इनमें एक गुट प्रमोद गांगनोली का ओर दूसरा अजित उर्फ हप्पू का है। जेल अधीक्षक सुरेश कुमार का कहना है कि दोनों गुटों के बंदियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भारत-पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर साइबर सेल की नजर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें