टोल पर लाइन लगाने की समस्या से मिलेगी निजात, यमुना एक्सप्रेस-वे पर फरवरी में शुरू होगा फास्टैग
यमुना एक्सप्रेसवे पर अब वाहन चालकों को टोल से गुजरने के लिए लाइन में लगकर ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर फरवरी माह में फास्टैग शुरू हो जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे पर इस समय रोजाना...

यमुना एक्सप्रेसवे पर अब वाहन चालकों को टोल से गुजरने के लिए लाइन में लगकर ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर फरवरी माह में फास्टैग शुरू हो जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे पर इस समय रोजाना लगभग 16 हजार वाहन गुजरते हैं। इनमें हलके-भारी दोनों वाहन शामिल हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात सुगम होने और फर्राटे भरते हुए कम समय में नोएडा, दिल्ली का सफर होने के कारण लोगों की यह पसंद है और जल्दी सफर पूरा करने के लिए लोग यमुना एक्सप्रेस वे से जाना पसंद करते हैं।
ज्यादा ट्रैफिक होने पर यहां के टोल पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अक्सर टोल पर लंबी लाइन लग जाती हैं, जिससे लोगों का समय खराब होता है और वे परेशान हो जाते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी समय से फास्टटैग चल रहा है लेकिन यहां पर फास्टैग शुरू नहीं हुआ है और लाइन में लगकर वाहनों को टोल टैक्स चुकाना पड़ता है। जानकारी के अनुसार सरकार के आदेश के बाद अब यहां भी फास्टटैग की व्यवस्था शुरू होने जा रही है। फास्टैग लगाने की तैयारी यहां शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार 15 फरवरी के आसपास यमुना एक्सप्रेसवे पर फास्टैग की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। फास्टैग शुरू होने से लोगों को टोल पर लाइन में लगाने की समस्या से नहीं जूझना होगा।