ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशVIDEO: उरई में किसानों ने तहसील परिसर में छोड़े सैंकड़ों अन्ना जानवर

VIDEO: उरई में किसानों ने तहसील परिसर में छोड़े सैंकड़ों अन्ना जानवर

अन्ना जानवरों की समस्या से परेशान किसानों के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया। माधौगढ़ तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस में किसानों ने हंगामा कर बड़ी संख्या में अन्ना मवेशियों को तहसील परिसर में छोड़...

VIDEO: उरई में किसानों ने तहसील परिसर में छोड़े सैंकड़ों अन्ना जानवर
उरई (माधौगढ़)। हिन्दुस्तान संवाद,उरईWed, 03 Jan 2018 04:56 PM
ऐप पर पढ़ें

अन्ना जानवरों की समस्या से परेशान किसानों के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया। माधौगढ़ तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस में किसानों ने हंगामा कर बड़ी संख्या में अन्ना मवेशियों को तहसील परिसर में छोड़ दिया। अचानक जानवरों की भीड़ देकर प्रशासनिक अफसरों के हाथ-पावं फूल गए। सिपाहियों के जानवरों को खदेड़ने पर तहसील परिसर में भगदड़ मच गई। किसानों और पुलिस कर्मियों में विवाद बढ़ता देख सीओ ने मोर्चा संभाला और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। बाद में डीएम के आश्वासन पर किसान शांत हुए।

सैकड़ों किसान पहुंचे
बिरिया कैलोर, कुरौती, डिकौली समेत आधा दर्जन गांव के किसान संपूर्ण समाधान दिवस में अन्ना जानवरों की समस्या लेकर सैकड़ों जानवरों के साथ पहुंचे। किसानों ने अन्ना जानवरों से तबाह हो रही फसलों की व्यथा बताने के साथ प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। साथ ही अन्ना जानवरों को परिसर में छोड़कर तहसील के दोनों गेट बंद कर दिए। यह देख पुलिस-प्रशासन सकते में आ गया। मुख्य गेट पर जानवर को खड़ाकर हाथ में लाठी-डंडे लेकर किसान अपनी व्याथा बताने लगे। किसान जब तहसील भवन में घुसने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान किसानों और पुलिस कर्मियों में टकराव की नौबत आ गई। हालात बिगड़ते देख सीओ अजय कुमार शर्मा ने मोर्चा संभाला। हाथ में माइक लेकर किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। तभी पुलिसकर्मियों ने जानवरों को बाहर खदेड़ा दिया। इससे तहसील परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जानवरों के इधर-उधर भागने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। आखिर में डीएम डॉ. मन्नान अख्तर ने किसानों को समस्या का जल्द समाधान करने आश्वासन दिया तब किसान शांत हुए।

मीटिंग में किसानों से लिए जाएंगे सुझाव 
डीएम ने किसानों की समस्या के समाधान के लिए फौरन ही एसडीएम सौजन्य कुमार विकास और खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि वह न्याय पंचायत स्तर पर मीटिंग कर अन्ना जानवरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए उपाय सोचें। इसमें किसानों की राय ली जाए, ताकि अन्ना मवेशियों से किसानों को छुटकारा मिल सके।

विधायकों को घेर चुके किसान
बीती 31 दिसंबर को माधौगढ़ में मैराथन दौड़ का आयोजन था। इसमें भी किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया था। मुख्य अतिथि इटावा की विधायक सरिता भदौरिया समेत जिले के तीनों विधायकों को घेर कर किसानों ने अन्ना पशुओं से निजात दिलाने की मांग की थी। उस वक्त किसानों के आक्रोश को देखकर जनप्रतिनिधि भी खासे परेशान हो गए थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें