ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशदूल्हा बनने से पहले युवक का बदला मूड, लड़की को देखते ही कह दी चुभने वाली बात, अब खत्म हो गया रिश्ता 

दूल्हा बनने से पहले युवक का बदला मूड, लड़की को देखते ही कह दी चुभने वाली बात, अब खत्म हो गया रिश्ता 

अमरोहा में शादी से पंद्रह दिन पहले युवक का अचानक मूड बदल गया। दूल्हा बनने से पहले एक बार फिर युवक ने युवती को देखा। युवती को देखते ही युवक ने ऐसी बात कह दी कि शादी से पहले ही रिश्ता टूट गया।

दूल्हा बनने से पहले युवक का बदला मूड, लड़की को देखते ही कह दी चुभने वाली बात, अब खत्म हो गया रिश्ता 
Dinesh Rathourहिंदुस्तान टीम,अमरोहा।Mon, 15 May 2023 05:32 PM
ऐप पर पढ़ें

अभी तक आपने दुल्हन को दूल्हे की हरकतों को देखकर शादी से इनकार करने की खबरें सुनी होंगी, लेकिन यूपी के अमरोहा में इससे उलट हुआ है। यहां दुल्हन ने नहीं बल्कि दूल्हे ने ही शादी के लिए मना कर दिया। दरअसल हुआ यूं कि शादी से पंद्रह दिन पहले युवक का अचानक मूड बदल गया। दूल्हा बनने से पहले एक बार फिर युवक ने युवती को देखा। युवती को देखते ही युवक ने ऐसी बात कह दी कि लड़की ही नहीं बल्कि उसके घर वालों को भी चुभ गई। लड़के ने लड़की का रंग काला बता कर उसके साथ शादी करने से इनकार कर दिया। परिजनों के काफी समझाने के बाद भी उसने शादी के लिए हामी नहीं भरी। परेशान परिजन उसे कोतवाली लेकर पहुंचे। पुलिस के समझाने के बाद भी युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। बाद में लड़की पक्ष ने भी शादी करने से मना कर दिया। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से रिश्ता खत्म कर दिया गया।

डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने अपने बेटे की शादी संभल जिले के एक गांव निवासी युवती के साथ तय की थी। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही थी। 29 मई को शादी की तारीख तय हुई। लेकिन, रविवार को अचानक युवक ने लड़की का रंग काला बताकर उसके साथ शादी करने से इनकार कर दिया। उसके इस फैसले से परिजनों के होश उड़ गए। काफी समझाने के बाद भी युवक शादी करने के लिए राजी नहीं हुआ। लिहाजा, परेशान परिजन युवक को लेकर डिडौली कोतवाली पहुंचे। पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने भी युवक को समझाने की कोशिश की लेकिन वह किसी हाल अपने फैसले से पीछे नहीं हटा। कोतवाली में करीब दो घंटे तक विवाद की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने लड़की पक्ष से फोन पर बात की। पुलिस की बात सुनने के बाद लड़की पक्ष ने भी शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से शादी को रद्द कर दिया गया। रविवार को ये मामला क्षेत्र में चर्चाओं में बना रहा। सीओ सिटी विजय कुमार ने दोनों पक्षों की आपसी सहमति से शादी को रद्द होने की बात कही।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें