ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशयमुना का जलस्तर बढ़ने से ताजमहल की बाउड्री तक पहुंचा पानी, प्रशासन अलर्ट

यमुना का जलस्तर बढ़ने से ताजमहल की बाउड्री तक पहुंचा पानी, प्रशासन अलर्ट

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक हथिनी कुंड से नदी में छोटे 2.95 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे यमुना में काफी पानी आ गया है। हालांकि ताजमहल देखने आए सैलानियों को नदी का दृश्य खूब भा रहा है।

यमुना का जलस्तर बढ़ने से ताजमहल की बाउड्री तक पहुंचा पानी, प्रशासन अलर्ट
Atul Guptaसंवाददाता,आगराThu, 29 Sep 2022 11:00 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

यमुना में उफान ने प्रशासन और सिंचाई विभाग की नींद उड़ा दी है। बल्केश्वर के जर्जर मकानों को तुरंत खाली करने के लिए अफसरों ने गुरुवार को घर-घर मुनादी कराई। लोगों को नदी से दूर रहने की हिदायत दी गई है। यमुना नदी का पानी शाम छह बजे के करीब कैलाश मंदिर और ताजमहल की बाउंड्री और दशहरा घाट के मंदिर तक पहुंच गया है। वाटर वर्क्स में आज पानी प्रवेश कर जाएगा।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक हथिनी कुंड से नदी में छोटे 2.95 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे ताजनगरी में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को गोकुल बैराज से पानी का डिस्चार्ज 42 हजार क्यूसेक था, जो गुरुवार को बढ़कर 61,270 क्यूसेक हो गया है। इससे वाटर वर्क्स पर जलस्तर 492.7 फीट तक पहुंच गया है। इसको देखते हुए सिंचाई विभाग की टीम बल्केश्वर घाट पर पहुंच गई थी। टीम के सदस्यों का कहना था पानी का बहाव तेज है। ऐसे में जर्जर मकानों के लिए खतरा है। करीब तीन घंटे तक सिंचाई विभाग के कर्मचारी समझाते रहे।

नदी किनारे जाने पर रोक

पोइया घाट पर पानी सड़क तक आ गया है। यहां तैनात सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को नदी किनारे जाने से रोक लगा दी है। बल्केश्वर घाट पानी में डूब गया है। ताजमहल की बाउंड्रीवॉल से पानी सटकर बह रहा है। दशहरा घाट का मंदिर भी पानी में डूबने लगा है। पुलिस और सिंचाई विभाग के कर्मचारी लोगों को नदी किनारे नहीं जाने दे रहे हैं। 

चेतावनी स्तर तक जाएगा पानी 

गोकुल बैराज से शुक्रवार की सुबह तक पानी का डिस्चार्ज बढ़ जाएगा। पानी सुबह आठ बजे तक वाटरवक्स के जल संस्थान तक पहुंच जाएगा। इधर, यमुना किनारे रोड की बाउंड्री से पानी टकराएगा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना हैं कि आगरा में जलस्तर 495 फीट तक पहुंचने की संभावना है। आगरा में मीडियम लेवल 499 फीट और खतरे का निशान 508 फीट पर है। 

ताजमहल की सुंदरता में लगे चार चांद 

यमुना में जलस्तर बढ़ने से ताजमहल की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं। सुबह से लेकर शाम तक सैलानी ताजमहल के पार्श्व में जाकर यमुना नदी का व्यू कैमरे में कैद कर रहे हैं। ताजमहल के साथ यमुना के पानी के संग फोटो क्लिक करा रहे हैं। ये मनमोहक दृष्य सैलानियों को जमकर भा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें