लॉकडाउन के चलते घर से पढ़ाई करवाने को बढ़ेगा आकाशवाणी व दूरदर्शन के शैक्षिक प्रसारण का दायरा
लॉकडाउन के दौरान घर से पढ़ाई करवाने के लिए इण्टरनेट के विभिन्न माध्यमों के साथा ही अब दूरदर्शन और आकाशवाणी से शैक्षिक प्रसारण के दायरे को और बढ़ाने की तैयारी है। प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने लखनऊ...

लॉकडाउन के दौरान घर से पढ़ाई करवाने के लिए इण्टरनेट के विभिन्न माध्यमों के साथा ही अब दूरदर्शन और आकाशवाणी से शैक्षिक प्रसारण के दायरे को और बढ़ाने की तैयारी है। प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने लखनऊ दूरदर्शन केन्द्र से डेढ़ घंटे का टाइम स्लाट मांगा है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग ने लखनऊ दूरदर्शन को कुछ शैक्षिक कार्यक्रमों की रिकार्डिंग उपलब्ध करवाई हैं।
फिलहाल इनका प्रसारण सुबह 11.30 से 12 बजे के बीच किया जा रहा है। इनमें गणित, विज्ञान आदि विषयों पर आधारित कार्यक्रम हैं। विभाग ऐसे और कार्यक्रम तैयार करवा रहा है। लखनऊ दूरदर्शन केन्द्र से 30 जून तक उपरोक्त आधे घंटे का शैक्षिक प्रसारण जारी रखने को कहा गया है। इसके साथ ही डेढ़ घंटे का और टाइम स्लाट मिल जाने पर इस शैक्षिक प्रसारण को और बढ़ाया जाएगा।
लखनऊ दूरदर्शन केंद्र की कार्यक्रम प्रमुख रमा अरुण त्रिवेदी ने 'हिन्दुस्तान' से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के उच्च और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से भी अगर ऐसी पहल होती है तो दूरदर्शन उन प्रस्तावों पर भी विचार करेगा। उन्होंने कहा कि चूंकि दूरदर्शन का प्रसारण अब लगातार 24 घंटे का हो गया है इसलिए उनके पास प्रसारण समय की समुचित उपलब्धता है।
इसी क्रम में आकाशवाणी के विभिन्न प्रादेशिक केंद्र भी अपने प्राइमरी चैनल पर इन दिनों सुबह 11 बजे से 11.15 बजे के बीच मिशन प्रेरणा की ई-पाठशाला का शैक्षिक कार्यक्रम प्रसारित कर रहे हैं। इस प्रसारण में प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों के लिए विभिन्न विषयों के रोचक शैली में बने शैक्षिक कार्यक्रम होते हैं।
आकाशवाणी लखनऊ केन्द्र के कार्यक्रम अधिशासी डा.महेन्द्र पाठक ने बताया कि आकाशवाणी के प्राइमरी चैनलों पर शैक्षिक कार्यक्रमों का प्रसारण और बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार भी किया जा रहा है। लाकडाउन खत्म होने के बाद विशेषज्ञों से विचार विमर्श करके ऐसे कार्यक्रमों का प्रसारण बढ़ाया जा सकता है।
