ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशशुगर की बीमारी, पुरुष से अधिक महिलाओं को बना रही शिकार, सर्वे से हुआ खुलासा

शुगर की बीमारी, पुरुष से अधिक महिलाओं को बना रही शिकार, सर्वे से हुआ खुलासा

डायबिटीज बढ़ती उम्र की बीमारी मानी जाती है। यह बीमारी पुरुषों में अधिक मिलती है लेकिन गोरखपुर में यह थ्योरी उलट गई है। यहां पुरुषों से अधिक महिलाओं में डायबिटीज मिला है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-पांच...

शुगर की बीमारी, पुरुष से अधिक महिलाओं को बना रही शिकार, सर्वे से हुआ खुलासा
मनीष मिश्रा ,गोरखपुर Wed, 22 Dec 2021 10:59 AM
ऐप पर पढ़ें

डायबिटीज बढ़ती उम्र की बीमारी मानी जाती है। यह बीमारी पुरुषों में अधिक मिलती है लेकिन गोरखपुर में यह थ्योरी उलट गई है। यहां पुरुषों से अधिक महिलाओं में डायबिटीज मिला है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-पांच में यह सामने आया है। वहीं देश व प्रदेश में पुरुषों में महिलाओं की तुलना डायबिटीज के मामले अधिक मिले हैं।

15 वर्ष से अधिक उम्र के महिला व पुरुष में डायबिटीज के प्रसार को लेकर सर्वे किया गया। गोरखपुर में इस सर्वे के परिणाम चौंकाने वाले हैं। पुरुषों की तुलना में महिलाओं में शुगर लेवल अधिक मिला है। जिले में करीब 6.9 फीसदी महिलाओं में उच्च स्तर का डायबिटीज (शुगर) मिला है। यह 141 से 160 मिलीग्राम है। जबकि पुरुषों में 6.3 फीसदी में ही उच्च स्तर के डायबिटीज की तस्दीक हुई है। सर्वे में 160 मिलीग्राम से अधिक वाले को उच्चतम स्तर माना गया है। डायबिटीज के उच्चतम स्तर वाले मरीजों में भी महिलाएं अधिक हैं। जिले में 6.2 फीसदी महिलाओं में शुगर लेवल उच्चतम मिला है। वहीं पुरुषों में यह 5.1 फीसदी में मिला है।

देश व प्रदेश में महिलाओं से अधिक पुरुषों में मिला डायबिटीज: प्रदेश में डायबिटीज के मामले महिलाओं से अधिक पुरुषों में मिले हैं। प्रदेश में औसतन 6.1 फीसदी पुरुषों में डायबिटीज उच्च स्तर का और 6.1 ़फीसदी में उच्चतम स्तर का मिला है। डायबिटीज पीड़ित 13.2 फीसदी पुरुष दवाओं का सेवन करते हैं। वहीं महिलाओं में 5 फीसदी में उच्च स्तर और 5.6 फीसदी में उच्चतम स्तर का डायबिटीज मिला है। इनमें 11.3 फीसदी महिलाएं दवाओं का सेवन करती है। राष्ट्रीय स्तर पर भी महिलाओं की तुलना में पुरुषों में डायबिटीज का स्तर अधिक मिलता है। देश में पुरुष इस बीमारी से अधिक प्रभावित है। करीब 7.8 फीसदी पुरुषों में उच्च स्तर और 8.5 फीसदी में उच्चतम स्तर का डायबिटीज मिला है। इनमें 17.9 फीसदी डायबिटीज पीड़ित दवाओं का सेवन करते हैं। वहीं महिलाओं में 6.7 फीसदी में उच्च स्तर व 8 फीसदी में उच्चतम स्तर का डायबिटीज मिलता है। इनमें से 16.3 फीसदी दवाओं का सेवन कर रही हैं।

दवाओं के सेवन में पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं ज्यादा संजीदा

नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक डायबिटीज पीड़ितों में दवाओं के सेवन को लेकर भी पुरुषों से अधिक संजीदा महिलाएं हैं। डायबिटीज पीड़ित 13.8 फीसदी महिलाएं दवाओं का सेवन जरूर करती है। वहीं महज 11.7 फीसदी पुरुष ही दवाओं का सेवन करते हैं।

 

पूर्वांचल की महिलाओं में डायबिटीज अधिक होने के कोई ठोस कारण नहीं हैं। ओपीडी में तो डायबिटीज पीड़ितों में पुरुष व महिलाएं समान संख्या में आते हैं। ऐसा हो सकता है कि कुछ महिलाएं इलाज से बच जाती हों। महिलाओं में डायबिटीज के कारण एडियापैथिक हो सकते हैं।

डॉ. नीरज चौधरी, असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिसिन, बीआरडी मेडिकल कालेज

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें