ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशयोगी मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को बांटे गए विभाग, जितिन प्रसाद को टेक्निकल एजुकेशन, जानिये अन्य के विभाग

योगी मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को बांटे गए विभाग, जितिन प्रसाद को टेक्निकल एजुकेशन, जानिये अन्य के विभाग

योगी मंत्रिमंडल में रविवार को शामिल सभी सात विधायकों को सोमवार को विभागों की जिम्मेदारी दे दी गई। इसकी जानकारी खुद सीएम योगी ने ट्वीट से दी। उन्होंने विभागों का बंटवारा करने के साथ ही उम्मीद जगाई कि...

योगी मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को बांटे गए विभाग, जितिन प्रसाद को टेक्निकल एजुकेशन, जानिये अन्य के विभाग
लखनऊ लाइव हिन्दुस्तानTue, 28 Sep 2021 01:21 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

योगी मंत्रिमंडल में रविवार को शामिल सभी सात विधायकों को सोमवार को विभागों की जिम्मेदारी दे दी गई। इसकी जानकारी खुद सीएम योगी ने ट्वीट से दी। उन्होंने विभागों का बंटवारा करने के साथ ही उम्मीद जगाई कि सभी के कुशल, अनुभवी एवं कर्मठ नेतृत्व में संबंधित विभाग विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेंगे।

रविवार को जिन सात विधायकों को मंत्री बनाया गया था उनमें केवल जितिन प्रसाद को कैबिनेट और अन्य लोगों को राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। जितिन प्रसाद को प्राविधिक शिक्षा  विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य मंत्री पल्टू राम को सैनिक कल्‍याण, होमगार्ड, प्रान्‍तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग दिया गया है। राज्य मंत्री डॉ. संगीता बलवंत को सहकारिता विभाग और धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास विभाग दिया गया है। 

राज्यमंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार को राजस्‍व विभाग और राज्यमंत्री संजीव कुमार को समाज कल्‍याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्‍याण विभाग का जिम्मा मिला है। राज्य मंत्री दिनेश खटीक को जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल के विस्तार में मनोनीत विधान परिषद सदस्य जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई। इनके साथ ही एक विधान परिषद सदस्य और पांच विधायकों को राज्य मंत्री की शपथ दिलाई गई। रविवार शाम राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री तथा छत्रपाल सिंह गंगवार, पल्टू राम, डा.संगीता बलवंत, संजीव कुमार, दिनेश खटीक और धर्मवीर प्रजापति को राज्य मंत्री के तौर पर पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन सात नए मंत्रियों को मिलाकर टीम योगी आदित्यनाथ में अब कुल 60 सदस्य हो गए हैं जो मंत्रिमंडल की अधिकतम संख्या है। इनमें 24 कैबिनेट मंत्री, नौ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 27 राज्य मंत्री हैं। इनमें चार महिला मंत्री शामिल हैं।

जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री बनाकर भाजपा ने उनसे अपना वादा निभाया है। राज्य मंत्री की शपथ लेने वालों में आगरा के धर्मवीर प्रजापति भाजपा के विधान परिषद सदस्य व उत्तर प्रदेश राज्य माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष हैं। छत्रपाल सिंह गंगवार बरेली के बहेड़ी, पल्टू राम बलरामपुर, डा.संगीता बलवंत गाजीपुर सदर, संजीव कुमार सोनभद्र के ओबरा और दिनेश खटीक मेरठ के हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

25 माह बाद हुआ विस्तार

योगी आदित्यनाथ सरकार का गठन 19 मार्च 2017 को हुआ था। पहला मंत्रिमंडल विस्तार 21 अगस्त 2019 को हुआ था। पहले विस्तार के बाद मंत्रिमंडल में मंत्रियों की कुल संख्या 56 थी। मंत्रिमंडल के पहले विस्तार के बाद कोरोना संक्रमण से बीते वर्ष कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण व चेतन चौहान तथा इस वर्ष राज्य मंत्री विजय कश्यप का निधन हुआ था। तीन मंत्रियों के निधन के बाद मंत्रिमंडल में 53 सदस्य रह गए थे।

जातीय व क्षेत्रीय समीकरण का ख्याल

योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल विस्तार के जरिये जातीय व क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश की गई है। योगी सरकार में शामिल नए चेहरों में तीन अन्य पिछड़ा वर्ग, दो अनुसूचित जाति व एक अनुसूचित जनजाति से हैं जबकि एक ब्राह्मण हैं। इन सात नए मंत्रियों में से तीन पूर्वांचल, दो पश्चिमी उप्र तथा एक-एक तराई क्षेत्र व रूहेलखंड के हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें