कोरोना : लॉकडाउन के चलते ऑटो में चंडीगढ़ से पीलीभीत पहुंच गए लोग
कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में 21 दिनों का लाकडाउन होने के बाद लोगों को अब अपने घर पहुंचने की चिंता सताने लगी है। परिवार चलाने के लिए घर से दूर लोग आप पैदल ही लंबी दूरी तय कर घर पहुंच रहे...
कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में 21 दिनों का लाकडाउन होने के बाद लोगों को अब अपने घर पहुंचने की चिंता सताने लगी है। परिवार चलाने के लिए घर से दूर लोग आप पैदल ही लंबी दूरी तय कर घर पहुंच रहे हैं। ऐसा ही एक जत्था चंडीगढ़ से टेंपो पर सवार होकर माधोटांडा पहुंच गया। जानकारी होने पर पुलिस ने प्रशासन के साथ सभी को रोक लिया। जत्थे में शामिल लोगों का चेकअप किया गया। सभी के हाथों में स्टैंपिंग कर पुलिस की निगरानी में उन्हें घर में क्यूरेंटाइन किया गया है।
परिवार का भरण पोषण करने के लिए जिले के कई गांव से काफी संख्या में लोग पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, पिथौरागढ़ सहित कई स्थानों पर मजदूरी करने जाते हैं। इधर कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री ने जब 21 दिनों का लाकडाउन कर दिया, तो लोगों के आने जाने का रास्ता ही बंद हो गया। ऐसे में बाहर काम कर रहे लोगों के घरों में आर्थिक समस्या गहरा गई। घर की चिंता सताने पर दूरदराज काम करने वाले लोग अब पैदल ही अपने घर वापसी करने लगे हैं।
एक दिन पूर्व काफी संख्या में लोगों ने पैदल ही लंबी दूरी की यात्रा की थी। शुक्रवार को चंडीगढ़ से सवारी न मिलने पर कुछ लोग वहीं से ऑटो उठाया और घर के लिए रवाना हो गए थे। इन लोगों का जत्था जब गांव शेरपुर और सिसैया के लिए माधोटांडा पहुंचा तो पुलिस ने सभी को रोक लिया। पुलिस ने प्रशासन के सहयोग से सभी का चेकअप करवाया। चेकअप के दौरान हालांकि सभी ठीक पाए गए लेकिन फिर भी सतर्कता बरती जा रही है। टैंपो सहित लोगों को सैनिटाइज किया गया। इसके बाद सभी के हाथ में मोहर लगाकर पुलिस की निगरानी में घर भेजा दिया गया। घर पर ही सभी लोगों को होम क्यूरेंटाइन किया गया है।