लॉकडाउन के बावजूद कोतवाली क्षेत्र के मेहड़ा पुरवां गांव में एक महिला बुधवार को अपने घर में बने आश्रमनुमा स्थल पर भीड़ जुटा कर झाड़-फूंक कर रही थी। सूचना पर एसडीएम और सीओ पहुंचे तो महिला तलवार लेकर खड़ी हो गई। पुलिस ने लाठी भांजते हुए भीड़ को खदेड़ दिया और महिला, उसके पति-बेटे समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें झाड़फूंक कराने आने वाले कई लोग भी शामिल थे। सभी के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है।
मेहड़ापुरवा गांव की रहने वाली सुभद्रा यादव खुद को मां आदि शक्ति दुर्गा बताते हुए काफी समय से झाड़-फूंक करती थी। शिक्षक पति भी इस काम में उसकी मदद करता था। दोनों ने अपने घर पर ही आश्रमनुमा स्थान बना रखा था। दूर-दूर से लोग वहां झाड़फूंक कराने आते थे। कुछ लोग महीनों तक यहीं रहते भी थे। इससे यहां काफी भीड़ लगी रहती थी। बुधवार को पूरे जिले में लॉकडाउन था। इसके बावजूद यहां झाड़-फूंक चल रहा था। किसी ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। एसडीएम दिनेश कुमार मिश्र और सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय मयफोर्स मौके पर पहुंचे। यह देख सुभद्रा देवी तलवार लेकर सामने आ गई। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद वह हटने को तैयार नहीं थी। उसके परिजनों के साथ ही झाड़-फूंक कराने पहुंचे कुछ अन्य लोग भी इसका विरोध करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठी भांजना शुरू कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों को चोटें भी आईं। मौके से सुभद्रा यादव और उसके परिवार के सदस्य समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कोरोना से निपटें या इनसे, देवरिया में मां दुर्गा का प्रतिरूप बनवा कर मजमा लगवाने वाले लोगों के खिलाफ @Uppolice पुलिस ने की कार्रवाई। @dmdeoria @deoriapolice pic.twitter.com/LmBt7sur3Q
— Shalabh Mani Tripathi (@shalabhmani) March 25, 2020
एसआई अंजनी यादव की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सुभद्रा देवी, उसके पति शिवप्रसाद यादव, बेटे अवनीश यादव, बहू मानवी यादव के अलावा उषा देवी निवासी पुरवां चौराहा, रिया राजभर निवासी अंडिला थाना मईल, पूजा भारती निवासी छितौनी थाना हाटा कोतवाली, नेहा यादव निवासी रामपुर खुर्द थाना रामपुर कारखाना, जोखू चौहान निवासी बढ़या बुजुर्ग थाना सदर कोतवाली, सुभाष सिंह निवासी डिघवा पौटवा थाना रामपुर कारखाना, देवा यादव निवासी विशुनपुरा भरत राव थाना रामपुर कारखाना और विकास कुमार निवासी धतुरा खास थाना गौरीबाजार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से एक तलवार, एम्पीफायर, साउण्डबाक्स भी बरामद किया।
बैकफुट पर आ गई थी स्वास्थ्य विभाग की टीम
महिला के खिलाफ झाड़ फूंक कर आडंम्बर फैलाने की शिकायत करीब दो साल पूर्व भी हुई थी। उस समय स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर भी गई थी। लेकिन सुभद्रा व उसके भक्तों की विरोध के चलते टीम को वापस लौटना पड़ा था। उसके बाद से झाड़-फूंक का धंधा बेलगाम चल रहा था।
महिला का शिक्षक पति निलंबित
इस मामले में गिरफ्तार महिला के शिक्षक पति शिव प्रसाद यादव को बीएसए ने निलंबित कर दिया। बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव ने बताया कि पत्नी के साथ मिल कर आडम्बर फैलाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। शिव प्रसाद यादव बैतालपुर ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय धतूराखास में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है। वह उप्र जूनियर हाईस्कूल(पूमावि) शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई में पूर्व मंत्री भी रह चुका है।