अदिति सिंह और राकेश सिंह की विधायकी खत्म कराने के लिए अब कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी कांग्रेस
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी की बागी विधायक अदिति सिंह और राकेश सिंह की सदस्यता खत्म करने सम्बन्धी याचिका विधानसभा अध्यक्ष द्वारा खारिज किए...
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी की बागी विधायक अदिति सिंह और राकेश सिंह की सदस्यता खत्म करने सम्बन्धी याचिका विधानसभा अध्यक्ष द्वारा खारिज किए जाने पर निराशा जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष का यह फैसला सरकार के दबाव में लिया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह आदेश कानून के मुताबिक नहीं है। पार्टी के पास दोनों विधायकों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। कांग्रेस अब इस मामले में न्यायालय में याचिका दाखिल करेगी। उम्मीद है कि न्यायापालिका इस मामले में सही निर्णय लेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ये बातें लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए कहीं। इसके पहले विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने कांग्रेस के बागी विधायकों की सदस्यता खत्म करने सम्बन्धी याचिका को आधारहीन बताते हुए खारिज कर दिया था। उन्होंने रायबरेली से विधायक अदिति सिंह और हरचंदपुर से विधायक राकेश सिंह की सदस्यता को बरकरार रखने का निर्णय दिया।
यह भी पढ़ें: यूपी : कांग्रेस को झटका, अदिति और राकेश सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने की याचिका खारिज
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया ये आधार
उधर, दोनों विधायकों की सदस्यता खत्म करने सम्बन्धी कांग्रेस की याचिका खारिज करते समय विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि प्रकरण के तथ्यों, संबंधित अभिलेखों व सुप्रीम कोर्ट की व्यवस्था के आधार पर इस मामले का परीक्षण किया गया। रायबरेली सदर की विधायक आदिति सिंह व हरचंदपुर से विधायक राकेश सिंह पर भारत के संविधान की दसवी अनुसूची के प्रावधान आकर्षित नहीं होते हैं। ऐसे में विपक्षी को दल परिवर्तन के आधार पर निरर्हता से ग्रसित नहीं माना जा सकता। प्रस्तुत याचिका बलहीन होने के कारण निरस्त की जाती है।
कांग्रेस ने आदिति सिंह व राकेश सिंह की सदस्यता खत्म कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष याचिका दाखिल की थी। इससे पहले सपा ने शिवपाल यादव की सदस्यता खत्म करने की याचिका दाखिल की थी लेकिन सपा ने बाद में खुद ही उस याचिका को वापस ले लिया था।
कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाती रहीं हैं अदिति
असल में अदिति सिंह कई मौकों पर कांग्रेस की नीतियों की आलोचना की चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा प्रवासी श्रमिकों के लिए खराब बसे भेजे जाने को क्रूर मजाक बताया था साथ ही योगी आदित्यनाथ की तारीफ भी की थी। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा था, आपदा के वक्त ऐसी निम्न सियासत की क्या जरूरत, एक हजार बसों की सूची भेजी, उसमें भी आधी से ज्यादा बसों का फर्जीवाड़ा, 297 कबाड़ बसें, 98 ऑटो रिक्शा व एबुंलेंस जैसी गाड़ियां, 68 वाहन बिना कागजात के, ये कैसा क्रूर मजाक है, अगर बसें थीं तो राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र में क्यूं नहीं लगाई। अदिति सिंह पिछले साल पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए यूपी विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल हुई थीं। इस पर कांग्रेस ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर कोरोना वॉरियर्स के लिए दिए भी जला चुकी हैं।