मुख्यमंत्री योगी का हमला- घड़ियाली आंसू बहा रहा है विपक्ष
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष संसद में घड़ियाली आंसू बहा रहा है। संसद में विपक्ष के सभी आरोप अविश्वास प्रस्ताव के साथ ही धराशायी हो गए। शाहजहांपुर में किसान कल्याण रैली को...
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष संसद में घड़ियाली आंसू बहा रहा है। संसद में विपक्ष के सभी आरोप अविश्वास प्रस्ताव के साथ ही धराशायी हो गए। शाहजहांपुर में किसान कल्याण रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले, संसद में विपक्ष के 126 सांसदों पर भाजपा के 325 सांसदों ने अविश्वास प्रस्ताव गिरा दिया। इससे स्पष्ट है 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी जमकर प्रहार किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन में गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार काम कर रही है। सरकार ने 14 फसलों का डेढ़ से 2 गुना समर्थन मूल्य घोषित कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। चीनी पर 5.50 रुपये प्रति कुंटल की सब्सिडी दी जा रही है। सपा की सरकार में गन्ना किसानों का 14 हजार करोड रुपए का भुगतान हुआ था। भाजपा सरकार ने किसानों का 34 हजार करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। वर्तमान सीजन में 23 हजार 800 करोड़ किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। एक साल में एक लाख करोड़ की धनराशि डीबीटी के जरिए सीधे किसानों के खातों में भेजी गई है। सपा सरकार में सात लाख मीट्रिक टन गेहूं आढ़तियों से खरीदा गया था। भजपा ने प्रदेश में पिछले साल 37 लाख मेट्रिक टन और इस साल 53 लाख मीट्रिक टन गेहूं की किसानों से खरीद की है।