ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशचार साल पूरे होने पर सीएम योगी बोले-यूपी में नहीं हुआ कोई दंगा, शांति से मन रहे त्‍योहार 

चार साल पूरे होने पर सीएम योगी बोले-यूपी में नहीं हुआ कोई दंगा, शांति से मन रहे त्‍योहार 

उत्‍तर प्रदेश में योगी आदित्‍यनाथ की सरकार को सत्‍ता संभाले आज चार साल पूरे हो गए। राज्‍य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस मौके पर सरकार अपनी उपलब्धियों को गिना रही है।...

चार साल पूरे होने पर सीएम योगी बोले-यूपी में नहीं हुआ कोई दंगा, शांति से मन रहे त्‍योहार 
हिन्‍दुस्‍तान टीम ,लखनऊ Fri, 19 Mar 2021 11:57 AM
ऐप पर पढ़ें

उत्‍तर प्रदेश में योगी आदित्‍यनाथ की सरकार को सत्‍ता संभाले आज चार साल पूरे हो गए। राज्‍य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस मौके पर सरकार अपनी उपलब्धियों को गिना रही है। इसी क्रम में सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने एक प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें सिलसिलेवार ढंग से राज्‍य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इशारों ही इशारों में विपक्ष पर हमले भी किए। सीएम ने कहा कि  पिछले चार साल में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। इस दौरान सभी त्‍योहार भी शांतिपूर्वक मनाए गए। पहले यूपी में कोई भी त्‍योहार शांतिपूर्वक नहीं मनाए जा सकते थे।  

उन्‍होंने कहा कि आज यूपी के बारे में दुनिया में सकारात्मक माहौल बना है। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन हमें मिला है।उनके नेतृत्व में अब बीमारू राज्य की श्रेणी से हटकर उत्‍‍‍तर प्रदेश सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। आज ईज़ ऑफ डूइंग की लिस्ट में भी यूपी नंबर दो है। प्रदेश ने काफी लंबी छलांग लगाई है। उन्‍होंने कहा कि यूपी में पहले केंद्र की योजनाओं को जगह नहीं दी जाती थी। यह दुर्भाग्‍यपूर्ण था क्‍योंकि यदि पुरानी सरकारें केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करतीं तो तो बड़ा   परिवर्तन हो सकता था। हमारी सरकार ने इन योजनाओं को मिशन मोड में लागू किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के मोर्चे पर यूपी नंबर वन है। इसके अलावा मुख्‍यमंत्री आवास योजना के तहत भी वनटांगियों, मुसहरों और समाज अन्‍य वंचित तबकों को बड़ी संख्‍या में आवास दिए गए हैं। मुख्‍यमंत्री ने अलग-अलग वर्गों को दिए गए आवासों की संख्‍या का विस्‍तार से उल्‍लेख भी किया। 

अपराधी की कोई जाति नहीं होती
सीएम योगी ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ जो एक्‍शन लिया गया वो अन्‍य राज्‍यों के लिए मॉडल बन गया। यूपी देश में एक मानक के तौर पर उभरा। प्रदेश में अपराध के मामलों में कमी आई है। उन्‍होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। हमारी सरकार की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। हम इस पर आगे भी चलते रहेंगे। उत्‍तर प्रदेश में अब बिना किसी दिक्कत के पर्व और त्योहार मनाए गए हैं। चार साल में यहां कोई दंगा नहीं हुआ है। 

किसानों को डेढ़ गुना तक दी गई एमएसपी 
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के लिए लगातार काम किए हैं। उन्‍हें डेढ़ गुना तक एमएसपी दी गई है। प्रदेश में किसानों के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। फिर चाहे सिंचित भूमि को बढ़ाना हो या मंडी स्थलों के काम को पूरा करना हो। सीएम ने कहा कि 2017 में जब हमारी सरकार आई, उससे पहले कुछ गांव ऐसे थे जहां प्रदेश सरकार की कोई योजना का लाभ नहीं मिला था। हमारी सरकार ने इन सभी गांवों को सुविधाएं मुहैया कराईं। 

निवेशकों की पहली पसंद बन गया उत्‍तर प्रदेश 
सीएम योगी ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। पहले यहां कोई निवेश नहीं करना चाहता था। प्रदेश में करीब 35 लाख युवाओं को इनसे सीधे नौकरी मिली है। नए उद्योगों के लिए कई सारी छूट दी गई हैं। इसकी वजह से जहां नए उद्योग लगने में आसानी हो रही वहीं कोरोना काल में प्रदेश में 56 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। उन्‍होंने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में केंद्र के जल जीवन मिशन को तेजी से पूरा किया जा रहा है जिससे गांव-गांव में पीने का शुद्ध पानी मिल रहा है। प्रदेश में आज 1535 थानों पर स्पेशल महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है।  प्रदेश में गायों के लिए आश्रित स्थल बनाए जा रहे हैं। 

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी कम हुई है। निवेश बढ़ा है। प्रति व्यक्ति आय बढ़ी। आज हम नए भारत नए उत्तर प्रदेश के रूप में उतरे हैं। आवास योजना, शौचालय योजनाओं में प्रदेश ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ भारत, मिशन नारी सम्मान का प्रतीक बना। 2.61 करोड़ शौचालय बनाकर हमने देश में नंबर एक स्‍थान हासिल किया। उन्‍होंने कहा कि गन्ना किसानों के लिए भी सरकार ने बड़े स्तर पर काम किया। उन्‍होंने कहा कि पुलिस सुधार को लेकर कदम उठाए गए हैं। पुलिस लाइन में बैरक बनाये गए। थानों में बुनियादी जरूरतें पूरी की गई। थानों में महिला डेस्क बनाई गई। 59 नए थाने 29 चौकियां बनाई गईं। विजिलेंस के 10 साइबर के 16 नए थाने स्थापित किए गए। 

अपराध की प्रकृति बदली तो 18 रेंज में नई विधि विज्ञान प्रयोगशालाएं बनाने का फैसला हुआ। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के चलते अपराधों में कमी आई है। कृषि की 11 सिंचाई परियोजना जो दशकों से लंबित थी वो हमारी सरकार ने पूरी कीं जिससे किसानों को सिंचाई का फायदा हुआ। 

खाद्यान्‍न की रिकार्ड खरीद हुई

सीएम ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में रिकार्ड मात्रा में खाद्यान्न की ख़रीद हुई है। डीबीटी के जरिये 66 करोड़ की राशि किसानों के खाते में गई। उत्‍तर प्रदेश में गन्ना उत्पादन में नंबर एक था लेकिन चीनी मिलों को बेचकर बीती सरकारों ने छल किया। हमारी सरकार ने 1 लाख 27 हज़ार करोड़ का भुगतान गन्ना किसानों को कराया। उन्‍होंने कहा कि नौ और सिंचाई परियोजनाएं पूरी की जा रही हैं।किसानों के हितों के लिए लाइसेंस फ्री व्यवस्था की गई है। 230 नए मंडी स्थल बनाये गए। मंडी शुल्क में एक फीसदी की कमी किसानों के लिए की गई।

सीएम ने कहा कि 2011-12 के सर्वे में आदिवासियों को उपेक्षित छोड़ दिया था लेकिन हमारी सरकार ने आवासीय योजनाएं थारू कोल और सहरिया जैसी जातियों के लिए दीं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सड़क और बिजली बहुत जरूरी थी। उत्‍तर प्रदेश में बिजली की उपलब्धता पर ध्यान दिया गया। जिला मुख्‍यालयों पर 24 घंटे, तहसील पर 20 से 22 घंटे और गांवों में 16 से 18 घंटे बिजली आ रही है। बाहरी राज्यों से सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर किया गया। जिला मुख्यालय को चार लेन तहसील को टू लेन से जोड़ा गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें