केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर जमकर हमला बोलते हुए कांग्रेस को पाखंडी पार्टी बताया। मुख्तार अब्बास नकवी अपनी बड़ी मां के निधन पर चार्टर्ड प्लेन से सुबह 9:15 बजे प्रयागराज पंहुचे। अपने पैतृक गांव जाने से पूर्व एयरपोर्ट पर ही मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी पार्ट टाइम पॉलीटिक्स और फुल टाइम पॉलीटिकल पाखंड कर रहीं हैं। कांग्रेस के नेताओं का कमरे में टोपी लगाने और कमरे से बाहर निकलकर तिलक लगाने का इतिहास रहा है। कांग्रेस की सियासत ऐसे पाखंड से भरी रही है और जनता को गुमराह करती रही है। लेकिन अब जनता इसे समझ चुकी है।
जनाजे को दिया कंधा
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की बड़ी मां 85 वर्षीय हाशिमी बेगम का निधम सोमवार को हुआ था। बड़ी मां के जनाजे में शामिल होने मुखतार अब्बास नकवी मंगलवार को प्रयागराज आए। बम्हरौली एयरपोर्ट से कार से अपने पैतृक गांव प्रतापपुर ब्लॉक के भदारी गांव पहुंचे। जहां वह बड़ी मां के जनाजे में शामिल हुए। इसके बाद वह कुछ घंटे पैतृक आवास पर रुके। रिश्तेदारों और गांववालों से मुलाकात कर वापस एयरपोर्ट लौटे और दोपहर तीन बजे चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली लौट गए।
दो मिनट का रखा मौन
मुख्तार अब्बास नकवी की बड़ी मां के निधन पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने मुख्तार अब्बास नकवी से मिलकर शोक प्रकट किया। नेताओं ने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। श्रद्धांजलि देने वालों में गणेश केसरवारनी, कुंज बिहारी मिश्रा, रमेश पासी, रोहित मालवीय, देवेश सिंह, वरूण केसरवानी, राजेश केसरवानी, अमर सिंह, शिव मोहन गुप्ता, मधुसूदन निषाद आदि रहे