गमलों में पानी डाल रही थी व्यापारी की पत्नी, घर में घुसकर चेन लूट ले गया लुटेरा, CCTV में कैद हुई घटना
आगरा की पॉश लायर्स कॉलोनी (न्यू आगरा) में रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की एक और वारदात हुई। घर का गेट खुला पाकर एक लुटेरा घर में घुस गया। यहां गमलों में पानी डाल रही महिला की चेन खींच ले गया।
इस खबर को सुनें
आगरा की पॉश लायर्स कॉलोनी (न्यू आगरा) में रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की एक और वारदात हुई। इस बार लुटेरों ने राह चलती किसी महिला को निशाना नहीं बनाया बल्कि व्यापारी के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। महिला गमलों में पानी डाल रही थीं। लुटेरा बहाने से उनके घर में घुसा और चेन झपटकर बाहर खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर भाग गया। इस दौरान महिला से छीनाझपटी भी हुई। वारदात सीसीटीवी में कैद है।
घटना सुबह करीब नौ बजकर पांच मिनट की है। सेंट जोंस चौराहे पर अनिल कुमार की बृजवासी स्वीट्स के नाम से दुकान है। सुबह उनकी पत्नी रीता गमलों में पानी डाल रही थीं। इसी दौरान एक युवक गेट पर आया। उनसे किसी का पता पूछने लगे। उन्होंने जानकारी से इनकार किया। युवक अंदर घुस आया। रीता को घेर लिया। उनके गले पर झपट्टा मारा। उन्होंने बचाव का प्रयास किया। लुटेरे ने चेन लूटी और फुर्ती से बाहर की तरफ भागा। सड़क पर लुटेरे का साथी बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। बदमाश उस पर बैठकर भाग गया। रीता के शोर मचाने पर पड़ोसी बाहर निकल आए। सीसीटीवी फुटेज देखे गए। सीसीटीवी में घटना कैद है।
बदमाश वारदात के पहले से कालोनी में रेकी कर रहे थे। घटना ने महिला को डरा दिया है। स्थानीय महिलाओं पूछ रही हैं कि आखिर महिलाएं कहां सुरक्षित हैं। यह तो घर के अंदर वारदात हो गई। आठ नवंबर को भी कालोनी में चेन स्नेचिंग की वारदात हुई थी। संयोग से आधी चेन पीड़िता के पास रह गई थी। लायर्स कालोनी शहर की पॉश कालोनियों में शुमार है। बड़ी संख्या में कालोनी में रिटायर अधिकारी भी रहते हैं। पीड़ित महिला के बेटे की तहरीर पर न्यू आगरा पुलिस ने लूट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है।