Budget 2023: पूर्वांचल के भी 12 रेलवे स्टेशन बनेंगे अमृत भारत स्टेशन, ये हुए लिस्ट में शामिल
आम बजट 2023-2024 में घोषित ‘अमृत भारत योजना’ से पूर्वांचल के भी 12 रेलवे स्टेशन ‘अमृत भारत स्टेशन’ के रूप में संवारे जाएंगे। इन स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण और सुंदरीकरण होगा। यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी।

इस खबर को सुनें
आम बजट 2023-2024 में घोषित ‘अमृत भारत योजना’ से पूर्वांचल के भी 12 रेलवे स्टेशन ‘अमृत भारत स्टेशन’ के रूप में संवारे जाएंगे। इनमें उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) के शिवपुर, लोहता, व्यास नगर व बाबतपुर जबकि पूर्वोत्तर रेलवे (वाराणसी मंडल) के बनारस, वाराणसी सिटी, मऊ जंक्शन, बलिया, आजमगढ़, बेल्थरा रोड, गाजीपुर सिटी व सुरेमनपुर स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण और सुंदरीकरण होगा। बुनियादी और यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। आधुनिक तकनीकों से लैस उपकरण भी लगेंगे।
वित्त मंत्री की घोषणाओं की रेल मंत्री ने विस्तृत व्याख्या की। बताया कि स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाएं बढ़ेंगी, माडर्न तकनीक से लैस उपकरण भी लगेंगे। बुधवार शाम रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कांफ्रेंस में आम बजट में अपने मंत्रालय से संबंधित घोषणाओं पर फोकस किया। उन घोषणाओं में अमृत भारत योजना भी है। उसके तहत देश के 1275 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन के रूप में पुनर्विकास होगा। अमृत भारत स्कीम का मकसद चयनित स्टेशनों का विकास दीर्घकालिक उद्देश्यों के हिसाब से किया जाना है ताकि ट्रेनें और यात्री संख्या बढ़ने पर दिक्कतें न हों। भविष्य में इन स्टेशनों पर रूफ प्लाजा और सिटी सेंटर बनाने की भी योजना है।
सीमावर्ती स्टेशन भी विकसित होंगे अमृत भारत योजना में एनई रेलवे (वाराणसी मंडल) के देवरिया सदर, सलेमपुर, कप्तानगंज, भटनी जंक्शन समेत बिहार के सीवान जंक्शन, मैरवां व थावे स्टेशन भी शामिल किए गए हैं। वाराणसी के आसपास के चार स्टेशनों के अलावा उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) के 36 स्टेशन भी योजना में चयनित हुए हैं।