ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशजयमाल के इंतज़ार में बैठी रही दुल्हन, दहेज न मिला तो बारात लेकर भागा दूल्हा

जयमाल के इंतज़ार में बैठी रही दुल्हन, दहेज न मिला तो बारात लेकर भागा दूल्हा

शादी के सात फेरों पर पांच लाख रुपये भारी पड़ गए। फेरों से पहले दूल्हा पांच लाख रुपये की नकदी न मिलने से भड़क गया। विवाद के बीच दूल्हा और बाराती भाग निकले। रात भर उनका इंतजार हुआ लेकिन वे नहीं आए। शादी...

जयमाल के इंतज़ार में बैठी रही दुल्हन, दहेज न मिला तो बारात लेकर भागा दूल्हा
लाइव हिन्दुस्तान टीम,भोगांव (मैनपुरी)Sun, 12 May 2019 09:39 PM
ऐप पर पढ़ें

शादी के सात फेरों पर पांच लाख रुपये भारी पड़ गए। फेरों से पहले दूल्हा पांच लाख रुपये की नकदी न मिलने से भड़क गया। विवाद के बीच दूल्हा और बाराती भाग निकले। रात भर उनका इंतजार हुआ लेकिन वे नहीं आए। शादी टूटी तो दुल्हन को लेकर परिवारीजन कोतवाली पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर घटना का मुकदमा दर्ज किया है। 

घटना शनिवार रात की है। थाना क्षेत्र के गांव हमीरपुर पोस्ट हिमांयुपुर निवासी सुरेश चंद्र पुत्र खुशीराम ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने अपनी पुत्री की शादी सुनील पुत्र अरविंद निवासी संतोषपुर पोस्ट रजवाना हाल निवासी नवादा पोस्ट तेराजाकिट जिला कन्नौज के साथ तय की थी। 11 मई शनिवार की रात बारात गांव में पहुंच गई। बारात की खातिरदारी के बाद खाना पीना हुआ। उसके बाद बारात चढ़नी  शुरू हुई। इसी बीच बारातियों और बैंड वालों में विवाद हो गया। विवाद शांत कराया गया और बारात दरवाजे पर पहुंच गई। 

पांच लाख देने से इनकार किया तो भागे बाराती 

दरवाजे पर रखे भेंट के सामान को देखकर दूल्हे का पिता अरविंद भड़क गया। पांच लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान की मांग शुरू हो गई। लड़की के पिता ने अतिरिक्त सामान व 5 लाख रुपये की नकदी देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि लड़के का पिता अरविंद, लड़के के चाचा नीरज व भोजराज पुत्र राम सिंह, लड़के के बाबा राम सिंह, लड़के के भाई भारत सिंह व सुनील, बहनोई जितेंद्र, बहन पूजा आदि ने गाली गलौज शुरू कर दी और शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा और सभी बाराती भाग निकले। 

पूरी रात हुआ बारात लौटने का इंतजार 

बारात लौटते ही लड़की पक्ष में हड़कंप मच गया। दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रात में ही दुल्हन को लेकर परिजन थाने पहुंचे और घटना की तहरीर पुलिस को दी। हालांकि कुछ लोगों ने बारात वापस आने के प्रयास भी किए। लेकिन दूल्हा पक्ष बिना पांच लाख लिए शादी करने के लिए तैयार नहीं हुआ और बारात नहीं आयी। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो दूल्हा पक्ष के लोग मामले में समझौता करने में जुट गए हैं।

लड़की पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। भोगांव पुलिस को मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। -प्रयांक जैन सीओ, भोगांव 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें