सपा से पुराना हिसाब बराबर करेगी भाजपा, इस्तीफे से पहले अमित शाह से मिले थे दारा सिंह, ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दारा के जरिए सपा को झटका देने की तैयारी कर ली है। इसे पार्टी की पिछड़ों को जोड़ने की मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है।

बीते साल ऐन चुनावी मौसम में भाजपा का दामन छोड़ साइकिल पर सवार होने वाले पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को फिर भगवा रास आ रहा है। अब लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दारा के जरिए सपा को झटका देने की तैयारी कर ली है। इसे पार्टी की पिछड़ों को जोड़ने की मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है। दिल्ली में भाजपा नेतृत्व से मुलाकात के बाद दारा सिंह ने सपा कोटे से मिली विधायकी छोड़ दी। उनका सरकार में शामिल होना तय माना जा रहा है।
मिशन-2024 को लेकर भाजपा अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी है। पिछड़ों-दलितों पर फोकस है। भाजपा छोड़ने वाले कई नेता फिर वापसी चाहते हैं। खतौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव से पहले पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी ने भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने का प्रयास किया था, मगर ऐन वक्त पर ज्वाइनिंग टल गई थी।
विधानसभा उपाध्यक्ष बनने का था आफर
बताया जा रहा है कि दारा सिंह चौहान काफी दिनों से गुपचुप भाजपा के संपर्क में थे। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो पहले उन्हें विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा थी। ऐसे में उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी मिल जाता और सदस्यता भी बरकरार रहती। घोसी सीट पर उपचुनाव भी नहीं कराना पड़ता। मगर इस पर बात नहीं बन सकी।
भाजपा के ऑपरेशन पूर्वांचल का हिस्सा
दरअसल पिछड़ी जाति (नूनियां) से आने वाले दारा सिंह पूर्वांचल का ओबीसी चेहरा हैं। आजमगढ़, घोसी, गाजीपुर, जौनपुर सहित कई अन्य सीटें भाजपा के आंतरिक सर्वे में रेड जोन का हिस्सा हैं। ऐसे में पार्टी यहां सामाजिक समीकरण दुरुस्त कर हारी सीटें जीतने की फिराक में जुटी है। दारा के आने से जहां भाजपा अपना सपा से पुराना बदला चुका लेगी, वहीं मऊ व आसपास के क्षेत्र में मजबूती भी मिलेगी।
कल महाना से मिलेंगे दारा
दारा सिंह चौहान शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली में थे। इस्तीफे की खबर आम होते ही उन्हें लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। खबर है कि चौहान सोमवार को 11 बजे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलेंगे। इससे पहले रविवार को वे कुछ भाजपा नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार शाम विदेश यात्रा से लौटते ही केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। ठीक उसी समय दारा सिंह के इस्तीफे ने उनके दिल्ली की राह पकड़ने की चर्चाएं भी तेज हैं। दूसरी चर्चा उनके फिर योगी मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर भी है।
