ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशबाहुबली विधायक विजय मिश्रा की पेशी, धकेलते हुए वज्र में बैठाने पर पुलिस से नोकझोंक, चिल्लाते हुए बोले-आगे सब ठीक होगा

बाहुबली विधायक विजय मिश्रा की पेशी, धकेलते हुए वज्र में बैठाने पर पुलिस से नोकझोंक, चिल्लाते हुए बोले-आगे सब ठीक होगा

रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने और आकेस्ट्रा गायक के साथ रेप के मामले में आरोपी बाहुबली विधायक विजय मिश्र की शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भदोही की अदालत में पेशी हुई। पुलिस टीम विधायक मिश्र को आगरा से...

बाहुबली विधायक विजय मिश्रा की पेशी, धकेलते हुए वज्र में बैठाने पर पुलिस से नोकझोंक, चिल्लाते हुए बोले-आगे सब ठीक होगा
ज्ञानपुर (भदोही) संवाददाताFri, 30 Jul 2021 04:34 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने और आकेस्ट्रा गायक के साथ रेप के मामले में आरोपी बाहुबली विधायक विजय मिश्र की शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भदोही की अदालत में पेशी हुई। पुलिस टीम विधायक मिश्र को आगरा से लेकर यहां पहुंची। इस दौरान विधायक पुलिस जवानों की घेरेबंदी में दिखाई दिये। सुरक्षा के मद्देनजर पूरा दीवानी न्यायालय परिसर भी पुलिस छावनी में तब्दील रहा। पेशी के बाद मीडिया से बात करने की कोशिश की तो पुलिस ने धकेलते हुए वज्र वाहन में लाद दिया। इसे लेकर विधायक और उनकी वकील बेटी की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। वज्र वाहन की जालीदार खिड़कियों से विधायक ने चिल्लाते हुए कई बार कहा कि आगे सब ठीक होगा। बेहद आत्मविश्वास के साथ बोले गए इन वाक्यों का अब निहितार्थ निकाला जा रहा है। सपा और बसपा की ब्राह्मणों को रिझाने के लिए शुरू हुई कवायद से भी इसे जोड़ा जा रहा है।

विधायक के ऊपर रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने और आरकेस्ट्रा कलाकार से दुष्कर्म समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एमपी से उनकी नाटकीय गिरफ्तारी काफी चर्चा का विषय बनी थी। उनके साथ कई मामलों में बेटा विष्णु मिश्रा भी आरोपी है। उसे पुलिस अब तक नहीं पकड़ पायी है। शुक्रवार की सुबह विधायक को आगरा से लाने के बाद पहले पुलिस लाइन में रखा गया। वहां से वज्र वाहन से कोर्ट लाया गया। इस दौरान एएसपी आरके वर्मा, सीओ ज्ञानपुर समेत कई थानों के थानाध्यक्ष फोर्स के साथ डटे रहे। वज्र से उतरते ही विजय मिश्रा ने समर्थकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। पुलिस की घेरेबंदी में सीधे कोर्ट में पेश हुए। पेशी के बाद बाहर निकले तो समर्थक नारेबाजी करने लगे। यहां एक बार फिर विधायक ने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर अभिवादन किया। 

ढकेलते हुए वज्र वाहन में बैठाया, पुलिस से बेटी की नोकझोंक

कोर्ट से निकलते ही विजय मिश्रा ने मीडिया से बात करने की कोशिश की लेकिन पुलिस वालों ने धकेलकर वज्र वाहन में लाद दिया। उन्हें इस तरह ढकेलते हुए वज्र में बैठाने पर उनकी बेटी और वकील रीमा मिश्रा से पुलिस की कहासुनी भी हुई। बताया जा रहा है कि विधायक अपनी निधि का पैसा किसी को देने के लिए कागजात पर साइन भी करना चाहते थे लेकिन पुलिस ने नहीं करने दिया। व्रज वाहन में बैठने के बाद विजय मिश्र ने केवल इतना कहा कि सब ठीक चल रहा है, आगे सब ठीक होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें