बरेलीः मुस्लिम बस्ती से ही जाने पर अड़े कांवड़िये, पुलिस-पीएसी तैनात, अधिकारियों ने बढ़ाई सतर्कता

Fri, 5 Aug 2022, 12:56:PM
Yogesh Yadav हिन्दुस्तान, मीरगंज दुनका(बरेली)
बरेलीः मुस्लिम बस्ती से ही जाने पर अड़े कांवड़िये, पुलिस-पीएसी तैनात, अधिकारियों ने बढ़ाई सतर्कता

संक्षेप: बरेली में दुनकी के कांवड़िये दुनका में रूट को लेकर अड़ गए। अधिकारियों के समझाने पर भी आक्रोशित कांवड़िये निर्धारित मार्ग से जाने को राजी नहीं हुए। मुस्लिम बस्ती से ही जाना चाहते हैं।

बरेली में दुनकी के कांवड़िये दुनका में रूट को लेकर अड़ गए। अधिकारियों के समझाने पर भी आक्रोशित कांवड़िये निर्धारित मार्ग से जाने को राजी नहीं हुए। अधिकारियों ने विवाद का कारण बन रहे मार्ग पर बैरियर लगाकर पुलिस-पीएसी तैनात कर दी। एसडीएम सीओ दुनका में कैंप कर रहे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दुनका में वर्षों पहले कांवड़ियों को मुस्लिम बस्ती में दूसरे सामुदाय के लोगों द्वारा रोकने पर बवाल हुआ था। तत्कालीन अधिकारियों ने विवाद का स्थाई समाधान करने को दोनों सामुदाय के लोगों को बैठाकर बात की थी। ग्रामीणों की सहमति के बाद प्रशासन ने 2014 में दोनों सामुदाय के धार्मिक जुलूस व कार्यक्रमों के रूट तय कर दिए थे, तभी से दोनों सामुदाय के धार्मिक जुलूस निर्धारित रूट पर ही निकलते हैं। इसी समझौते के तहत तय किया गया था कि कांवड़िये दुनकी के बाग के पास से चकरोड पर होकर हरिद्वार जायेंगे।

कांवड़ियों ने प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट को दरकिनार कर मुस्लिम बस्ती की पीडब्ल्यूडी रोड से होकर निकलने का मन बनाया। ग्रामीण गत दिनों इस मामले को लेकर नेताओं से भी मिले। अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट कर दिया कि उन्हें मुस्लिम बस्ती से निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कांवड़िये पूर्व निर्धारित रास्ते से निकलेंगे। पुलिस प्रशासन उनको पूरी सुरक्षा देगी।

गुरुवार को कांवड़ियों ने ट्रैक्टर-ट्राली में डीजे बांधकर दुनका की मुस्लिम बस्ती से निकलने की तैयारी कर ली। कांवड़िये गांव के मंदिर पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ आरके मिश्रा दुनकी पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रशासन द्वारा तय मार्ग से निकलने के लिए समझाया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया समझौता दुनका के लोगों में हुआ था। रूट तय करते समय दुनकी के लोग मौजूद नहीं थे। पीडब्ल्यूडी का रोड उनका परंपरागत रूट है।

अधिकारियों के न मानने पर कांवड़ियों ने कांवड़ लेने जाने से इंकार कर दिया। कांवड़िये ग्रामीणों के साथ दुनकी में जमे हैं। एसडीएम सीओ एसओ दुनका पुलिस चौकी से स्थिति पर नजर रख रहे हैं। अधिकारियों ने दुनका में मुस्लिम बस्ती से होकर निकलने वाले दुनकी रोड पर बैरियर लगाकर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी है।

एसडीएम वेद प्रकाश मिश्रा के अनुसार दुनकी के कांवड़िये दुनका की मुस्लिम बस्ती से होकर जाने पर अड़े है। चार दिन पहले भी दुनकी के लोगों को समझाया था, लेकिन कांवड़ियों ने गुरुवार को मुस्लिम बस्ती से होकर निकलने की तैयारी कर ली। कांवड़ियों को समझाया, लेकिन वे नहीं माने। कांवड़िये निर्धारित रूट से हटकर जाने की कोशिश करेंगे तो प्रशासन और पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। तय रास्ते से जायेंगे तो पुलिस उनकी पूरी सुरक्षा करेगी।

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav
योगेश यादव देश की सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले वाराणसी के रहने वाले हैं। यहीं के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से कामर्स में ग्रेजुएशन किया। काशी विद्यापीठ से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री (MJMC) ली है। 2001 में अमर उजाला से करियर की शुरुआत की। 2008 में हिन्दुस्तान ज्वाइन किया और चंडीगढ़ के साथ प्रयागराज एडिशन को लांच कराने में भूमिका निभाई। हिन्दुस्तान वाराणसी में लंबे समय तक सिटी और अपकंट्री इंचार्ज की जिम्मेदारी निभाने के बाद 2020 में डिजिटल टीम का हिस्सा बने। राजनीतिक और क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेख