आजम खां ने समाजवादी पार्टी को पहुंचाया नुकसान, करें बाहर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने अखिलेश को लिखा लेटर
सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने का स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद मुन्ना ने पार्टी मुखिया अखिलेश को लेटर लिखा है।

इस खबर को सुनें
सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने का स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद मुन्ना ने पार्टी मुखिया अखिलेश यादव को पत्र लिखकर आजम खां पर पार्टी एवं मुसलमानों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की मांग उठाई है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पिछले दिनों राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार किया था। इसमें सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां को एक बार फिर से राष्ट्रीय महासचिव बनाया है। सपा मुखिया के इस फैसले के बाद रामपुर के सपाइयों में विरोध पैदा हो गया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद मुन्ना ने एक बार फिर आजम खां के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा कि आजम खां को फिर से महासचिव बनाया गया है। इस फैसले से रामपुर के सपाइयों और मुसलमानों में अफसोस है। लोग मायूस हैं। आजम खां रामपुर में लोकसभा उपचुनाव में कमजोर प्रत्याशी उतारकर पार्टी को यह सीट हरवा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि आजम खां ने हमेशा मुसलमानों को नुकसान पहुंचाया है। आजम ने अपने निजी स्वार्थ के चलते लोगों पर जुल्म किए और मुसलमानों को परेशान कर दिया। उन्होंने धार्मिक ग्रंथ की भी बेहुरमती की है। ऐसे लोगों को पार्टी का महासचिव नहीं बनाया जाना चाहिए। किसी अच्छे व्यक्ति को पार्टी का महासचिव बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजम खां को पार्टी से बाहर निकाला जाए। इसके लिए यदि सपा अध्यक्ष से पैर पकड़कर गुजारिश करनी पड़े तो भी वह तैयार हैं। यदि आजम खां को नहीं हटाया गया तो वह बड़ा कदम उठाएंगे।