ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअयोध्या विवाद: पुलिस ने तैयारियां तेज कीं, आगे आ रहीं सामाजिक संस्थाएं 

अयोध्या विवाद: पुलिस ने तैयारियां तेज कीं, आगे आ रहीं सामाजिक संस्थाएं 

अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने की संभावना को देखते हुए प्रदेश पुलिस ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हर मोर्चे पर सक्रियता बढ़ा दी है। पीस कमेटियों और...

अयोध्या विवाद: पुलिस ने तैयारियां तेज कीं, आगे आ रहीं सामाजिक संस्थाएं 
प्रमुख संवाददाता,लखनऊ। Fri, 01 Nov 2019 12:37 PM
ऐप पर पढ़ें

अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने की संभावना को देखते हुए प्रदेश पुलिस ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हर मोर्चे पर सक्रियता बढ़ा दी है। पीस कमेटियों और विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) पर खास जिम्मेदारी डाली जा रही है। 

दीपावली शांतिपूर्ण ढंग से निपट जाने के बाद पुलिस को छठ पर्व और बारावफात पर भी पूरी मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। इन त्योहारों पर सुरक्षा प्रबंधों की दृष्टि से जिलों को आवंटित अतिरिक्त फोर्स को वहां तब तक बनाए रखा जाएगा, जब तक वहां जरूरत होगी। अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती पैदा होने की आशंका को देखते हुए फोर्स की तैनाती बनाए रखी जाएगी। 

पुलिस अफसरों को जिलों खासकर शहरी इलाकों में गठित पीस कमेटियों की लगातार बैठकें कराने को कहा गया है। इसके अलावा विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) को भी विभिन्न समुदायों के लोगों से संवाद बढ़ाने को कहा जा रहा है। 
डीजीपी मुख्यालय ने थानाध्यक्षों के साथ ही पुलिस क्षेत्राधिकारियों को भी शांति कमेटी की बैठकों में हिस्सा लेने और अलग-अलग समुदायों के प्रमुख लोगों से सीधा संवाद बनाने का निर्देश दिया है। सामाजिक संस्थाओं को भी सद्भाव बढ़ाने वाले कार्यक्रमों के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 

आगे आ रहीं सामाजिक संस्थाएं 
शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की पहल का अच्छा परिणाम भी सामने आने लगा है। अयोध्या जिले में लायन्स क्लब रुदौली की एक पहल को पुलिस अन्य जिलों में उदाहरण के तौर पर पेश कर रही है। लायन्स क्लब रुदौली के डॉ. निहाल रज़ा की तरफ से अयोध्या में जगह-जगह होर्डिंग लगाई गई है जिसमें कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला कुछ भी आए हमें अपनी एकता, सद्भावना, प्रेम और विश्वास को बनाए रखना है। पुलिस सभी जिलों में सामाजिक संस्थाओं को आगे लाने के लिए प्रयासरत है। 

सिविल डिफेंस, पीस कमेटियों व एसपीओ को भी सक्रिय किया गया है। अयोध्या, मथुरा व काशी समेत अन्य धार्मिक शहरों में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। डीजीपी मुख्यालय सभी तैयारियों पर नजर बनाए हुए है। 
प्रवीण कुमार, आईजी कानून-व्यवस्था  

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें