ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअखिलेश यादव का ऐलान : यूपी में सपा की सरकार बनने पर हर महिला के खाते में दिए जाएंगे 1000 रुपये

अखिलेश यादव का ऐलान : यूपी में सपा की सरकार बनने पर हर महिला के खाते में दिए जाएंगे 1000 रुपये

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बड़ा ऐलान किया। अखिलेश ने मिर्जापुर में सपा के कार्यकर्ता...

अखिलेश यादव का ऐलान : यूपी में सपा की सरकार बनने पर हर महिला के खाते में दिए जाएंगे 1000 रुपये
हिन्दुस्तान टीम,मिर्जापुरSat, 27 Feb 2021 02:16 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बड़ा ऐलान किया। अखिलेश ने मिर्जापुर में सपा के कार्यकर्ता प्रशिक्षण सम्मेलन में घोषणा करते हुए कहा कि अगर अगले साल उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो प्रदेश की हर एक महिला के खाते में 1000 रुपये दिए जाएंगे। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की ईस्ट इंडिया कंपनी से तुलना की और सपा की योजनाओं की चोरी कर नाम बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाइप पेयजल मिशन योजना सपा के शासन की थी जो भाजपा नाम बदलकर खुद श्रेय ले रही है।

इससे पहले शुक्रवार को अखिलेश यादव ने कहा था कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा यूपी में गेमचेंजर साबित होगी। हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। इसीलिए मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर कार्यकर्ताओँ को भाजपा का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि मध्य वर्ग महंगाई की मार से परेशान है। यह सरकार किसानों के हक को भी छीनने जा रही है। नया कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट साबित होगा।

भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार सपा
सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी की राजनीति निर्णायक दौर में पहुंच गई है। सपा भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। प्रदेश के अगड़े, पिछड़े, गरीब, दलित और अल्पसंख्यक सभी सपा की तरफ देख रहे हैं। आगे कहा कि भाजपा ने पांच वर्षों में कोई काम नहीं किया। सपा के शासन में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण कर रही है।

अखिलेश यादव ने मां विंध्यवासिनी मंदिर में की पूजा-अर्चना
अखिलेश यादव ने शनिवार को विंध्यचाल में मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। माघी पूर्णिमा पर शनिवार को सुबह ही वह कुछ समर्थकों के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को करीब आधा घंटा मां विंध्यवासिनी मंदिर में रहे। दर्शन-पूजन के साथ ही उन्होंने मंदिर प्रांगण का भ्रमण भी किया। मिर्जापुर में इसके बाद अखिलेश यादव कंतित दरगाह पर गए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें