ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशये चक्‍कर क्‍या है? अमेठी वाले आरिफ का सारस गायब हुआ, फिर मिल भी गया; जानें अब क्‍या बोले अखिलेश

ये चक्‍कर क्‍या है? अमेठी वाले आरिफ का सारस गायब हुआ, फिर मिल भी गया; जानें अब क्‍या बोले अखिलेश

अब खबर आ रही है कि सारस मिल गया। सपा प्रमुख ने एक बार फिर ट्वीट करके सरकार पर निशाना साधा। लिखा-प्रेम से बड़ी सत्ता नहीं हो सकती। भाजपाई समय रहते ये समझ लें तो शायद उनके अंदर की नफ़रत कुछ कम हो जाए।

ये चक्‍कर क्‍या है? अमेठी वाले आरिफ का सारस गायब हुआ, फिर मिल भी गया; जानें अब क्‍या बोले अखिलेश
Ajay Singhहिन्‍दुस्‍तान ,लखनऊThu, 23 Mar 2023 12:45 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेठी वाले आरिफ का सारस पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है। समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने इसे लेकर बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस की थी। उन्‍होंने आरोप लगाया था कि वह मिलने चले गए इसीलिए आरिफ से सारस ले लिया गया। इस बीच खबर आई कि सारस समसपुर पक्षी विहार से भी गायब हो गया। सारस के कथित तौर पर गायब होने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। अखिलेश ने भी निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी सरकार तत्‍काल सारस को खोजे नहीं तो पूरी दुनिया के पक्षी-प्रेमी आंदोलन करेंगे। लेकिन अब खबर आ रही है कि सारस मिल गया है। सपा प्रमुख ने एक बार फिर ट्वीट करके सरकार पर निशाना साधा है। 

अखिलेश ने लिखा- 'उत्‍तर प्रदेश के पक्षी-प्रेमी ‘बी सैया’ नामक गाँव को बहुत धन्यवाद जिसने सारस को बचाया, खिलाया पिलाया और वो काम कर दिखाया, जिसमें उप्र की सरकार नाकाम रही। सच तो ये है कि प्रेम से बड़ी सत्ता और कोई हो ही नहीं सकती… भाजपाई अगर समय रहते ये समझ लें तो शायद उनके अंदर की नफ़रत कुछ कम हो जाए।' बता दें कि अखिलेश यादव ने पहले सारस के लापता होने की बात कही थी लेकिन कुछ ही समय बाद उन्‍होंने एक वीडियो शेयर कर सारस के मिलने का दावा किया। 

इसके पहले सारस के गायब होने का दावा करते हुए अखिलेश ट्वीट में लिखा था- 'उत्तर प्रदेश वन-विभाग द्वारा अमेठी से जबरदस्ती ले जाकर रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया ‘बहुचर्चित सारस’ अब लापता है। उप्र के राज्य-पक्षी के प्रति ऐसी सरकारी लापरवाही एक गंभीर विषय है। भाजपा सरकार फौरन सारस खोजे, नहीं तो पूरी दुनिया के पक्षी-प्रेमी आंदोलन करेंगे. शर्मनाक।' 

एक अन्‍य ट्वीट में अखिलेश ने लिखा- 'मुख्यमंत्री जी चाहें तो लापता सारस का कोई नामकरण भी कर दें लेकिन उसे ढूंढकर उसकी जान जरूर बचाएं। वो सारस भी पूरे उप्र को वैसे ही प्रिय है। जैसे मुख्यमंत्री जी को गोलू।' इसे बाद सारस का एक वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने इसे आरिफ का सारस बताया। इस वीडियो में एक परिवार सारस को खाना खिलाते नज़र आ रहा है। 

आरिफ और सारस की दोस्‍ती हुई थी मशहूर 
बता दें कि आरिफ और सारस की दोस्‍ती तब चर्चा में आई थी जब इसके कुछ वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए थे। अमेठी के गौरीगंज तहसील के मटका गांव में रहने वाले आरिफ के बारे में कहा जाता है कि उन्‍हें सारस घायलावस्‍था में मिला था। आरिफ ने सारस की सेवा की तो वह ठीक हो गया। वीडियो में सारस और इंसान की दोस्‍ती देख इसकी चर्चा होने लगी। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक बाइक पर जा रहा है और सारस हवा में उड़ता हुआ उसके पीछे-पीछे आ रहा है। इस चर्चा के बाद अखिलेश यादव ने मटका गांव जाकर सारस और आरिफ से मुलाकात की थी। उन्‍होंने तब सारस और आरिफ के साथ अपनी फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। सपा प्रमुख के दौरे के बाद सारस-आरिफ की दोस्‍ती की चर्चा और तेजी से फैल गई थी। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें