ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअखिलेश बोले, यूपी में होने वाला महागठबंधन भाजपा का सफाया करेगा

अखिलेश बोले, यूपी में होने वाला महागठबंधन भाजपा का सफाया करेगा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की देश विरोधी नीतियों से जनता निजात चाहती है। अब तक हम लोग चुनावों में व्यस्त थे। अब यूपी में होने वाला  महागठबंधन भाजपा का...

अखिलेश बोले, यूपी में होने वाला महागठबंधन भाजपा का सफाया करेगा
प्रमुख संवाददाता- राज्य मुख्यालय,लखनऊ। Mon, 10 Dec 2018 07:34 PM
ऐप पर पढ़ें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की देश विरोधी नीतियों से जनता निजात चाहती है। अब तक हम लोग चुनावों में व्यस्त थे। अब यूपी में होने वाला  महागठबंधन भाजपा का सफाया करेगा। इसमें कांग्रेस की भूमिका भी हो सकती है। इस दिशा में प्रयास हो रहे हैं।
अखिलेश ने सोमवार को एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए मुख्य प्राथमिकता पहले संगठन को मजबूत करना है। समाजवादी पार्टी सीट बंटवारे में सम्मानजनक फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि चुनाव आने से पहले भाजपा के बड़े-बड़े नेता लड़ने से मना कर रहे हैं और इस्तीफा दे रहे हैं। चुनाव शुरू होने से पहले ही वे मैदान छोड़ गए। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में धोखे से चुनाव जीता है। समाजवादी पार्टी ने विकास पर चुनाव लड़ा। भाजपा ने जाति पर चुनाव लड़ा। भाजपा का एजेंडा सांप्रदायिकता है। इसके बाद भी 2017 में सपा को कम वोट नहीं मिला था।
उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने में क्षेत्रीय दलों की बड़ी जिम्मेदारी होगी। पश्चिम बंगाल में जहर फैलाया जा रहा है। मैं ममता की रैली में जाऊंगा। राम मंदिर पर कहा कि देश के लोग सुप्रीम कोर्ट का फैसला मानने को तैयार हैं, लेकिन भाजपा को संविधान की चिंता नहीं। भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में बेकारी भत्ता नहीं दे रही और मध्य प्रदेश में वादा कर रही है। सरकार धोखा दे रही है। इसका भरोसा नहीं कर सकते। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नाम बदलने के अलावा कुछ अच्छा काम भी करें। सपा महिला आरक्षण पर चर्चा चाहती है। पार्टियों को अधिकार मिले कि वे अपने हिसाब से महिलाओं को टिकट दें।
अखिलेश ने फिर ईवीएम पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि मतदान बैलट पेपर से होना चाहिए। उप चुनाव में इसलिए मशीन खराब हुई कि रोजे पर रहने वाले थक कर लौट जाएं। मुख्यमंत्री बताएं कि कौन सा बड़ा काम उन्होंने अब तक किया है। नदियों की सफाई में क्या हुआ गोमती के किनारे रिवरफ्रंट बना तो उसे बर्बाद कर दिया। नई पीढ़ी की बात अनसुनी नहीं की जानी चाहिए। रोजगार की गारंटी का बिल लोकसभा में क्यों नहीं लाया जा रहा। भाजपाई मूलभूत मुद्दों से भटक गए हैं। राज्यपाल को भूमिका निभानी चाहिए।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें