आगरा दयालबाग सत्संग पीठ बवाल : गोद में बच्चों को लेकर ललकारतीं रहीं महिलाएं, लाचार दिखी पुलिस
यूपी के आगरा जिले में बड़ा बवाल हुआ। पुलिस और सत्संगी आमने-सामने आ गए। महिलाएं गोद में बच्चों को लेकर ललकारतीं रहीं। इस दौरान पुलिस लाचार दिखी।

यूपी के आगरा जिले में बड़ा बवाल हुआ। पुलिस और सत्संगी आमने-सामने आ गए। इस दौरान सत्संगियों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। आगरा पुलिस प्रशासन की टीम रविवार को तैयारी के साथ नहीं गई थी। शनिवार को फोर्स अधिक था। दो कंपनी पीएसी साथ थी। रविवार को फोर्स कम था। पुलिस को अंदाजा नहीं था कि इस बार गेट तोड़ना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। सत्संगियों ने पहले से तैयारी कर रखी थी। हजारों की संख्या में सत्संगी टेनरी मार्ग पर गेट नंबर आठ के अंदर मौजूद थे। सत्संगी लगातार एनाउंसमेंट कर पुलिस को चेतावनी दे रहे थे।
सत्संगियों की भीड़ में नौजवानों से ज्यादा महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे। पुलिस चाहकर भी उनके साथ सख्ती नहीं कर सकती थी। वहीं दूसरी तरफ गेट नंबर आठ पर मोर्चा संभाले महिलाएं पुलिस को ललकार रही थीं। सबसे आगे कुछ महिलाएं अपनी गोद में बच्चों को लिए हुई थीं। पुलिस ने जैसे ही आगे बढ़ने का प्रयास किया। माइक पर बच्चे के रोने के आवाज लोगों को जानकर सुनाई गई। यह बताने का प्रयास किया गया कि पुलिस महिलाओं और बच्चों के साथ सख्ती कर रही है।
शाम करीब पौने पांच बजे का समय था। गेट नंबर आठ पर सबसे सबसे आगे डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय, एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद, एसओ न्यू आगरा राजीव कुमार सबसे आगे थे। अंदर से सत्संगी राधा स्वामी का जाप कर रहे थे। माइक ऑन था। चारों तरफ आवाज गूंज रही थीं। यह आवाज एकता जताने के लिए थी। इसका असर कुछ ही देर में देखने को मिला। चारों तरफ से सत्संगियों की भीड़ आने लगी। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए सड़क पर बैरियर लगा दिए।
संघर्ष एक दिन पहले जो दीवार तोड़ी उसी की ईंटों से पथराव
पुलिस के हाथ में डंडे थे। पुलिस को उम्मीद नहीं थी कि सत्संगियों की तरफ से पथराव शुरू हो जाएगा। कई पुलिसकर्मियों ने हेलमेट तक नहीं लगा रखा था। बॉडी प्रोटक्टर नहीं थे। शनिवार को टेनरी गेट के बराबर में एक बड़ी दीवार जेसीबी से तोड़ी गई थी। उसकी ईंट मौके पर पड़ी थीं। सत्संगियों ने इसी जगह मोर्चा संभालकर पुलिस प्रशासन पर पथराव किया। पथराव करने वालों में सिर्फ पुरुष ही नहीं महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। पथराव होते ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को भागकर पीछे हटना पड़ा।
संकेत ड्रोन से देखी गई सत्संगियों की मोर्चाबंदी
पुलिस गेट बाहर थी। सत्संगियों की भीड़ गेट के अंदर। गेट एक रात पहले ही दोबारा लगाया था। भीड़ देखने के लिए ड्रोन उड़ाया। तस्वीर देखकर अधिकारी हैरान रह गए। गेट के अंदर हजारों की संख्या में भीड़ थी। सत्संगियों ने टेनरी गेट से लेकर भगवान टॉकीज आने वाले मार्ग पर स्थित अपनी प्रत्येक कालोनी के गेट पर मोर्चाबंदी कर रखी थी। सत्संगियों की तैयारी देख अधिकारियों को लगा कि सिर्फ लाठीचार्ज से काम नहीं चलेगा। सामने महिलाओं और युवतियों की भीड़ थी। इसी वजह से पुलिस ने वापस लौटने का फैसला लिया।
संदेश मीडिया सेल भी सक्रिय था, पुलिस-प्रशासन घिरा
पूरे घटनाक्रम के दौरान सत्संगियों का मीडिया सेल भी सक्रिय था। लगातार वीडियो बना रहा था। उसे वायरल किया जा रहा था। पूरे इलाके में सत्संगियों को यह संदेश भेजे जा रहे थे कि पुलिस प्रशासन की टीम अन्याय कर रही है। महिलाएं और बच्चे घिर गए हैं। देखते ही देखते चारों तरफ से सत्संगियों की भीड़ आने लगी। पुलिस चारों तरफ से घिरने लगी। यह घेराबंदी पुलिस प्रशासन को बैरंग लौटने के लिए थी। अपनी एकता का परिचय देने के लिए थी। पुलिस आगे बढ़ी तो सामना भी महिलाओं से हुआ।
