यूपी में अब अधिकारियों के सामने ही ट्रैक्टर चढ़ाकर मार डाला, भूमि विवाद में देवरिया के बाद फिरोजाबाद में सनसनीखेज वारदात
यूपी के देवरिया में जमीन विवाद में सोमवार को ही एक ही परिवार के पांच लोगों समेत छह की हत्या कर दी गई। अब फिरोजाबाद में अधिकारियों के सामने ही ट्रैक्टर चढ़ाकर एक बुजुर्ग की जान ले ली गई।

यूपी के देवरिया में जमीन विवाद में सोमवार को ही एक ही परिवार के पांच लोगों समेत छह की हत्या कर दी गई। भूमि विवाद में ही अब फिरोजाबाद में अधिकारियों के सामने ही ट्रैक्टर चढ़ाकर एक बुजुर्ग की जान ले ली गई। वारदात में कई पुलिस वाले घायल हुए हैं। कुछ को गंभीर चोट लगी है। सनसनीखेज वारदात की खबर लगते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दी गई हैं। घटना थाना नारखी के गांव कायथा में हुई है।
बताया जाता है कि गांव के जगदीश ने नीलामी में एक जमीन खरीदी थी। इसी पर कब्जा दिलाने के लिए तहसील से राजस्व विभाग और पुलिस की टीमें पहुंची थीं। इसी दौरान जमीन पर अपना कब्जा बताते हुए कुछ लोगों ने विरोध किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से जगदीश की मौत हो गई। घटना में दो महिला कांस्टेबल कोमल और राधारानी भी घायल हो गई हैं।
घायल सिपाही ने बताया कि हम लोग भूमि विवाद में गए थे। वहां महिलाएं दुर्व्यवहार कर रही थीं। वह मान नहीं रही थीं। इस पर हम लोगों ने महिलाओं को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसी बीच उनकी तरफ से एक युवक ट्रैक्टर लेकर आया और गाड़ी में तेजी से टक्कर मारी। ट्रैक्टर को पीछे करके दो बार टक्कर मारी। हम लोग नीचे गिर गए। इसके बाद उसने ट्रैक्टर पीछे करके हम लोगों पर चढ़ा दिया। जो लोग साथ में थे उन्हें बहुत चोट लगी है। सभी को चोट लगी है। बताया कि चार-पांच पुलिस वाले घायल हुए हैं।
कब क्या हुआ
तहसीलदार सदर अपने सहयोगियों को लेकर मंगलवार की दोपहर गढ़ी कल्याण में जमीन की पैमाइश करने व अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे। काफी संख्या में पुलिस बल भी साथ मे था। उसी दौरान गढ़ी कल्याण निवासी नेत्रपाल व इंद्रपाल अपने साथियों के साथ पहुंचा।
नेत्रपाल व इंद्रपाल ने पुलिस की गाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट कर दी। ट्रैक्टर चढ़ने से पुलिस की गाड़ी में बैठी महिला कांस्टेबल कोमल व राधा रानी घायल हो गईं। जगदीश (70) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए जहां जगदीश ने दम तोड़ दिया। घायल महिला सिपाहियों का इलाज चल रहा है।
घटना का पता चलते ही एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी सिटी सर्वेश मिश्र, सीओ कमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले में आरोपी इंद्रवीर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया है।
एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि कार्रवाई के दौरान टीम पर आरोपियों ने ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इसमें महिला आरक्षी को चोटें आई हैं। शिकायत करने वाले ग्रामीण घायल होकर अचेत हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दी गई हैं।
