ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशमैनपुरी में 54.37 और रामपुर में 33.94 फीसदी मतदान, जानें खतौली का वोटिंग प्रतिशत

मैनपुरी में 54.37 और रामपुर में 33.94 फीसदी मतदान, जानें खतौली का वोटिंग प्रतिशत

मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण मतदान हुआ। मैनपुरी में करीब 54.37 फीसदी मतदान हुआ जबकि रामपुर में मतदान का आंकड़ा 33.94 फीसदी तक ही सीमित रहा।

मैनपुरी में 54.37 और रामपुर में 33.94 फीसदी मतदान, जानें खतौली का वोटिंग प्रतिशत
Dinesh Rathourविशेष संवाददाता,लखनऊMon, 05 Dec 2022 09:16 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण मतदान हुआ। मैनपुरी में करीब 54.37 फीसदी मतदान हुआ जबकि रामपुर में मतदान का आंकड़ा 33.94 फीसदी तक ही सीमित रहा। मैनपुरी व रामपुर में उपचुनाव में धांधली कराने व चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान डालने को लेकर भाजपा व सपा के बीच दिनभर आरोप प्रत्यारोप का दौर चला। चुनाव आयोग के अनुसार, खतौली विधानसभा सीट पर 54.46 प्रतिशत मतदान हुआ है।

सपा ने धांधली का आरोप लगाया

सपा  प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा के विधायक मनोज पांडेय और पार्टी प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने चुनाव आयोग को ज्ञापन दिया। पार्टी ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा, रामपुर तथा खतौली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान में प्रशासन तथा पुलिस द्वारा धांधली कराई गई। उनके वोटरों को धमकाया गया। सपा दिन भर सोशल मीडिया के जरिए भाजपा पर गड़बड़ी कराने का आरोप लगाते हुए जानकारी देती रही। सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पुलिस बल के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया और यह भी कहा कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारी मतदाताओं को, खासकर रामपुर में, वोट डालने से रोक रहे हैं।  सपा ने मैनपुरी के भोगांव इलाके में भाजपा एजेंटों द्वारा पैसे बांटने का भी आरोप लगाया है और एक वीडियो भी पोस्ट किया है।

भाजपा ने भी की शिकायत 

भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग से मिल कर सपा पर बेईमानी कराने का आरोप लगाया। इन नेताओं ने कहा कि मैनपुरी  में समाजवादी पार्टी द्वारा अराजकता फैलाने एवं मतदान को प्रभावित करने का काम किया। उन पर कार्रवाई की जाए। भाजपा प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से कहा, मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा द्वारा गलत सूचनाएं देकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

पार्टी जिन मुद्दों को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज करा रही है, वे सभी झूठी हैं। उनकी आड़ में सपा के अराजकतत्वों द्वारा मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थक कार्यकर्ताओं को डराया धमकाया जा रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक मैनपुरी में जहां छह उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, रामपुर में सदर में 10 तथा खतौली में 14 उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य से है।  रामपुर सीट पर सपा के आसिम राजा व भाजपा के आकाश सक्सेना आमने सामने हैं।

तीनों सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान का दावा

डीजीपी मुख्यालय ने मैनपुरी लोकसभा सीट और खतौली व रामपुर विधानसभा सीट पर सोमवार को हुए उपचुनाव में शांतिपूर्ण मतदान होने का दावा किया है। आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए तीनों सीटों क्षेत्रों में व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए थे।  मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में आने वाले मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल व जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 417 क्रिटिकल मतदान केंद्र व 717 क्रिटिकल मतदेय स्थल बनाए गए थे। पूरे लोकसभा क्षेत्र में 848 इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर, 10652 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 5648 होमगार्ड, 25 कंपनी व एक प्लाटून पीएसी तथा 47 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) लगाई गई थी। 

तीनों सीटों को मिलाकर कुल 1296 इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर, 40 महिला सब इंस्पेक्टर, 12023 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 836 महिला कांस्टेबल, 7457 होमगार्ड, 33 कंपनी पीएसी तथा 65 कंपनी सीएपीएफ तैनात की गई थी। सबसे ज्यादा कम मतदान रामपुर विधानसभा सीट पर हुआ। 


 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें