ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशकौशांबी जिले के स्कूल में 42 छात्र कोरोना पॉजिटिव, खाना बनाने वाला भी संक्रमित

कौशांबी जिले के स्कूल में 42 छात्र कोरोना पॉजिटिव, खाना बनाने वाला भी संक्रमित

यूपी में कोरोना का कहर जारी है। प्रदेश के कौशांबी जिले के एक स्कूल में 42 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक दिन पहले यहां 57 लोग संक्रमित मिले थे। महज 24 घंटे में ही 42 और छात्रों के संक्रमित मिलने...

कौशांबी जिले के स्कूल में 42 छात्र कोरोना पॉजिटिव, खाना बनाने वाला भी संक्रमित
निज संवाददाता,कौशांबी मंझनपुर। Sun, 11 Apr 2021 10:16 PM
ऐप पर पढ़ें

यूपी में कोरोना का कहर जारी है। प्रदेश के कौशांबी जिले के एक स्कूल में 42 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक दिन पहले यहां 57 लोग संक्रमित मिले थे। महज 24 घंटे में ही 42 और छात्रों के संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया है। स्कूल में खाना बनाने वाला मेट भी संक्रमित बताया जा रहा है। कोरोना के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए लोग अब दहशत में आ गए हैं। अस्पतालों में सर्दी-खांसी, जुकाम के मरीजों की भीड़ लगने लगी है। ऐसे लोगों से अब डॉक्टर भी परहेज कर रहे हैं। 

कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या प्रतिदिन रिकार्ड बना रही है। शनिवार को 57 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए थे। एक दिन में मिलने वाले मरीजों की संख्या का यह जनपद में रिकार्ड था। रविवार को यह रिकार्ड भी टूट गया। रविवार को 64 मरीज मिले हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग में इसको लेकर हड़कंप मचा हुआ है। जवाहर नवोदय विद्यालय के दो कर्मचारी शनिवार को पाजिटिव मिले थे। यहां पढ़ रहे छात्रों की रविवार को जांच कराई गई तो चौंकाने वाली रिपोर्ट आई। 42 छात्र कोरोना संक्रमित मिले। इसकी जानकारी होते ही कालेज में खलबली मच गई। पूरा कालेज प्रशासन इससे हलाकान हो गया है। वहीं अगियौना में भी चार लोग पाजिटिव पाए गए हैं।

दारानगर में संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को भी लोग संक्रमित मिले हैं। सिराथू विधायक के परिजन भी पाजिटिव हो गए हैं। इनमें उनका गनर भी शामिल हैं। सभी लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच कराने की तैयारी हो चुकी है। सोमवार को संक्रमितों के परिजन व उनके संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जाएगी। जवाहर नवोदय विद्यालय टेवा के प्रिंसिपल विमल मिश्र का कहना है कि जवाहर नवोदय विद्यालय के 42 छात्र संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी रविवार को स्वास्थ्य विभाग से मिली है। छात्रों को होम आइसोलेट किया गया है। जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें