ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशआउटलेट से बिकेंगे जैविक उत्पाद, 15 केवीके खुलेंगे: शाही

आउटलेट से बिकेंगे जैविक उत्पाद, 15 केवीके खुलेंगे: शाही

झांसी और बांदा में दो आउटलेट खोले जाएंगे, जहां सिर्फ जैविक उत्पादों की बिक्री होगी। धीरे-धीरे ऐसे आउटलेट प्रदेश के सभी शहरों में खोलने की तैयारी है। जल्द प्रदेश में 15 नए कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके)...

आउटलेट से बिकेंगे जैविक उत्पाद, 15 केवीके खुलेंगे: शाही
कानपुर। कार्यालय संवाददाता,कानपुरWed, 13 Dec 2017 06:26 AM
ऐप पर पढ़ें

झांसी और बांदा में दो आउटलेट खोले जाएंगे, जहां सिर्फ जैविक उत्पादों की बिक्री होगी। धीरे-धीरे ऐसे आउटलेट प्रदेश के सभी शहरों में खोलने की तैयारी है। जल्द प्रदेश में 15 नए कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) भी खोले जाएंगे। इसकी जमीन तलाश ली गई है। आईसीएआर से सहमति मिलते ही केंद्र का शुभारंभ कर दिया जाएगा। यह बात प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कही। वह सीएसए विवि में राष्ट्रीय संगोष्ठी में भाग लेने पहुंचे थे। 
'बदलती जलवायु परिस्थितियों में कृषि एवं आजीविका सुरक्षा के स्थायित्व हेतु जैविक खेती' विषयक दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विशिष्ट अतिथि एके सिंह, राजवीर सिंह राठौर, कुलपति डॉ. सुशील सोलोमन, डॉ. एचजी प्रकाश व डॉ. डीपी सिंह ने किया। 18 प्रदेशों से आए वैज्ञानिक, रिसर्च छात्रों व किसानों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है। इससे बिन मौसम बारिश हो रही है तो तापमान का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इस तकनीक की जरूरत है, जिससे अधिक बारिश और गर्मी में भी उत्पादन पर असर न पड़े। भविष्य को देखते हुए वर्तमान में जैविक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। रासायनिक खेती से उत्पादन तो बढ़ा है लेकिन मिट्टी की उर्वरकता और खाद्यान्न में जरूरी तत्वों की कमी आई है। मिट्टी और मानव शरीर दोनों बीमार हो रहे हैं। जैविक खेती से मिट्टी की उर्वरकता बढ़ेगी और मनुष्य को खाद्यान्न में पोषक तत्व मिलेंगे। उन्होंने सभी वैज्ञानिकों से दो दिन के मंथन के दौरान निकलने वाले सुझावों की पूरी रिपोर्ट भी मांगी है। इसके आधार पर जैविक खेती को बढ़ावा देने की आगे की योजना तैयार होगी।
निर्यात में भी जैविक खाद्यान्न की मांग
रासायनिक खेती से उत्पन्न खाद्यान्न को निर्यात करने में भी परेशानी हो रही है। हाल ही में विदेशों ने चावल लेने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि इसमें पेस्टीसाइड है। इसलिए जैविक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। साथ ही देश में कुपोषण और एनीमिया का बड़ा कारण भी रासायनिक खेती है। जैविक खेती से इन बीमारियों के बढ़ते प्रभाव को रोका जा सकता है। 
गेहूं उत्पादन में प्रदेश नंबर वन
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में उत्पादन अच्छा हो रहा है। इस वर्ष 556 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न हुआ है। इसमें 356 लाख मीट्रिक टन गेहूं हुआ है। देश में गेहूं उत्पादन में प्रदेश नंबर वन है। प्रदेश देश का 40 फीसदी आंवला उत्पादन कर रहा है। 1400 लाख मीट्रिक टन गन्ना की पैदावार भी देश में अधिक है।
कृषि राज्यमंत्री ने कराई जैविक खेती
कृषि मंत्री ने कहा कि जैविक खेती से उत्पादन कम होगा, यह सवाल अधिकतर किसानों को सता रहा है। यह बात काफी हद तक सही है। अगर फॉर्मिंग खेती की जाए तो जैविक खेती में लाभ होगा। प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने जिले फतेहपुर में गन्ने की जैविक खेती कराई। यूरिया के बजाए गाय का गोबर व गौमूत्र का प्रयोग किया और उत्पादन बढ़ा है।
ग्रंथ तैयार करें पर किसानों तक भी पहुंचाएं रिसर्च
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि वैज्ञानिक काम कर रहे हैं। उनकी तकनीक किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। इन रिसर्च का मोटा-मोटा ग्रंथ बनाएं लेकिन उसे किसानों के बीच भी ले जाएं। इससे इन तकनीक का किसान खेती में प्रयोग कर लाभ कमा सके।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें