सिद्धार्थनगर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पथराव, गुस्साए श्रद्धालुओं ने लगाया जाम
सिद्धार्थनगर में सोमवार की देर शाम प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं पर पत्थर फेंका गया जिससे माहौल गर्म हो गया। एक प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो जाने से नाराज लोगों ने मंदिर चौराहे पर सड़क जाम कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

यूपी के सिद्धार्थनगर में सोमवार की देर शाम प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं पर पत्थर फेंके जाने से माहौल गर्म हो गया। एक प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो जाने से नाराज लोगों ने मंदिर चौराहे पर सड़क जाम कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। इसके बाद भीड़ मान गई और जाम हटा दी। प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया।
ये मामला डुमरियागंज कस्बा स्थित माली मैनहा का है। यहां के तीन स्थानों पर मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। सोमवार को विसर्जन होना था। शाम तकरीबन छह बजे आयोजन समिति के सदस्य व नगारिक प्रतिमाओं को विसर्जित करने के लिए ले जा रहे थे। आरोप है कि माली मैनहा में कुछ लोगों ने प्रतिमा पर पथराव कर दिया। जिससे एक प्रतिमा क्षतिग्रस्त भी हो गई। इस घटना से नाराज लोगों ने डुमरियागंज मंदिर चौराहे पर बस्ती मार्ग जाम कर दिया। लोगों ने अराजकतत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
उधर, पथराव की सूचना पाते ही प्रशासन हरकत में आ गया। प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार यादव तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले को शांत करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। एसडीएम डॉ.संजीव दीक्षित व सीओ सतीश चंद्र पांडेय भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों अफसरों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। भीड़ ने सड़क से जाम हटा लिया और प्रतिमाएं विसर्जन के लिए आगे बढ़ गईं। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी ने पत्थर फेंक दिया। इससे नाराज होकर लागों ने जाम लगाने की कोशिश की। एसडीएम व सीओ ने समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। केस दर्ज किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

