
बारात चढ़त के दौरान बवाल, खुद को बचाने के लिए पड़ोसी महिला के घर में घुसे युवक
बदायूं में बारात चढ़त के दौरान जातिसूचक गाने को लेकर सरैरा गांव में बवाल हो गया। हमलावरों ने विरोध कर रहे युवकों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है।
यूपी के बदायूं में बारात चढ़त के दौरान जातिसूचक गाने को लेकर सरैरा गांव में बवाल हो गया। हमलावरों ने विरोध कर रहे युवकों को पीटना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के लिए युवक पड़ोसी आशा कार्यकत्री के घर में घुस गए, तो उसके घर में घुसकर मारपीट एवं पथराव कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर मामला शांत हुआ। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

गांव सरेरा में शनिवार को कमजोर तबके के विद्यारत्न की बेटी की बारात नागर पुखरा गांव से आई थी। देर रात करीब 11 बजे बैंड से बरात चढ़ रही थी। इस दौरान तेज आवाज के साथ जातिसूचक गाना बज रहा था। पीड़ित पक्ष के मुताबिक काफी देर तक गाना बंद नहीं हुआ, तो उन्होंने इसके लिए आवाज कम कर बजाने के लिए कह दिया। इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग उग्र हो गए। उन्होंने विरोध करने वाले युवकों को पीटना शुरू कर दिया। भीड़ की मारपीट से बचने के लिए युवक पड़ोस में आंगनबाड़ी कार्यकत्री बिजनेस कुमारी के घर में घुस गए। आरोपियों ने उनको यहां भी नहीं छोड़ा।
घर में दाखिल होकर पूरे परिवार के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। काफी देर तक उसके घर पर पथराव किया गया। पथराव के बीच भगदड़ मच गई। इधर किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी, थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मुश्किल से स्थिति को नियंत्रण में किया। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया, घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल मेला ककोड़ा पर ड्यूटी में हैं। पहुंचते ही इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।





