गहने चुराकर बीवी के साथ हनीमून पर गया; लौटते ही पुलिस ने दबोचा, शातिर शनि पर 26 मुकदमे

Apr 06, 2026 04:13 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, वाराणसी
share

वाराणसी का शातिर चोर शनि गहने और कैश चुराने के बाद नई नवेली दुल्हन के साथ नैनीताल चला गया था। वहां से लौटते ही रोहनिया पुलिस ने परमानन्दपुर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर शहर के तमाम थानों में 26 मुकदमे दर्ज हैं। 

गहने चुराकर बीवी के साथ हनीमून पर गया; लौटते ही पुलिस ने दबोचा, शातिर शनि पर 26 मुकदमे

वाराणसी के गोविंदपुर में एक मकान से 21 मार्च की रात गहने और एक लाख नगदी चोरी में रोहनिया पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर करीब 30 लाख के गहने, 8500 रुपये, असलहा, दो कारतूस और एक कार बरामद की है। गिरफ्तार रमदत्तपुर निवासी (लालपुर-पांडेयपुर) शनि धरकार चोरी के बाद नई नवेली दुल्हन के साथ नैनीताल चला गया था। वहां से लौटते ही रोहनिया पुलिस ने परमानन्दपुर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी नीतू कादयान ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी में हथियार लिए दिखे शनि

शनि धरकार अपने साथी नगवां निवासी समीर उर्फ भोदू, अपने साले समीर सोनकर के साथ 21 मार्च की रात स्कूटी से चोरी करने निकला था। शनि असलहा लिये था। परमानंदपुर में तीन मकानों में चोरी के लिए गए, लेकिन लोगों के जगने पर भाग गए। इसके बाद गोविंदपुर पहुंचे। गोविन्दपुर में परिवार 21 मार्च की रात विध्याचल दर्शन करने के लिए गया था। इसी मकान से नगदी, जेवर आदि पार कर दिया और भाग निकले। बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में शनि धरकार की पहचान हुई। वह हाथ में असलहा लिए दिख रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद अन्य की पहचान हुई।

निशानदेही पर गलाए हुए गहने बरामद किए

इनकी निशानदेही पर बिहार के मोहनिया के सर्राफ के यहां से गलाए हुए गहने बरामद कर लिए गए। अन्य आरोपियों में नगवां निवासी समीर उर्फ भोदू हत्या के प्रयास में बीते 26 मार्च को ही लंका थाने से जेल जा चुका है। चोरी में शामिल शनि के साले भगवानपुर निवासी समीर सोनकर की तलाश की जा रही है। वहीं गहने बिकवाने में शामिल दूसरा साला विपिन सोनकर और सामने घाट में रहने वाला मोहनिया निवासी पवन सिंह वांछित हैं।

17.50 लाख रुपये में सारे गहने बेचे

चोरी की रात ही शनि और तीनों लंका पहुंचे। एक लाख नगद में तीनों ने बंटवारा किया। विपिन सोनकर एंबुलेंस चलाता है। इसी की आड़ में वह चोरी का माल प्रापर्टी डीलर पवन सिंह के जरिये मोहनिया में बिकवाता है। शनि ने चोरी के गहने विपिन एवं पवन को सौंप दिये। कमीशन के आधार पर उसे बेचने को कहा। पवन सिंह मोहनिया में सर्राफ को जानता था। पवन एवं विपिन कार से गहने लेकर मोहनिया गए। वहां पवन सिंह ने अपना पहचान पत्र देकर गहने अपने बताते हुए खरीदने को कहा। 17.50 लाख रुपये में सारे गहने बेचे। इसके बाद सभी लौट आए।

भगाकर की शादी, थाने से समझौता

शनि धरकार ने भगवानपुर निवासी युवती को बहलाकर शादी की थी। इस मामले में लंका पुलिस ने केस भी दर्ज किया था। लड़की के बयान बदलने के बाद सुलह करा दी गई। उसी से शनि ने शादी की और चोरी के बाद पत्नी को लेकर नैनीताल चला गया था।

शनि पर कई मामलों में 26 मुकदमे दर्ज हैं

पकड़े गए शनि धरकार पर कैंट, लंका, मंडुवाडीह, सिगरा, सारनाथ, लालपुर पांडेयपुर में 26 मुकदमे दर्ज हैं। लंका थाने से जेल गए समीर उर्फ भोदू पर भी 10, समीर सोनकर पर 12 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में रोहनिया प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उप निरीक्षक अमीर बहादुर सिंह, सुशील कुमार सिंह, पवन कुमार, दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल रानू कुमार, प्रेम पंकज, बृजेश हैं।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।