कानपुर में भीषण हादसा! खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, भाई-बहन समेत 3 की मौत

संवाददाता, कानपुर
Follow us on Google News
share

कानपुर में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। प्रयागराज हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और घायलों को बाहर निकालने के लिए स्कॉर्पियो की चेचिस काटनी पड़ी।

speeding Scorpio car collided with a parked truck

यूपी के कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो रूमा में प्रयागराज हाईवे के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण हादसे में भाई-बहन और स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई। दो परिवारों के आठ लोग और चालक का बेटा घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरी स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और घायलों को चेचिस काटकर निकालना पड़ा। सभी घायलों को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों परिवार किराये पर स्कॉर्पियो कर हरियाणा के सिरसा से बिहार और झारखंड जा रहे थे। आशंका है कि चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है।

हादसे में घायल हुए बिहार के गया के रहने वाले केसर भारती ने बताया कि वह सिरसा में रहकर मजदूरी करता है। गया के ही खापिया धमना के रहने वाले नरेश मांझी भी मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ सिरसा में रहते हैं। इसी तरह झारखंड के चतरा जिले के हैदरगंज में रहने वाले वकील यादव भी परिवार के साथ रहते हैं।

2 हजार रुपये प्रति व्यक्ति में बुक की थी स्कॉर्पियो

केसर के अनुसार उन लोगों (10 लोग) ने घर जाने के लिए दो हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से एक स्कॉर्पियो बुक की थी। रविवार शाम सात बजे वह लोग निकले थे। स्कॉर्पियो पिता-बेटे बजरंग और हिमांशु चला रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे रूमा से आगे निकलते ही स्कॉर्पियो शराब ठेके के बाहर हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। अंदर बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई।

चेचिस काटकर घायलों को बाहर निकाला गया

कुछ देर बाद माजरा समझ आया तो क्षेत्रीय लोग मदद के लिए जुटे और पुलिस को सूचना दी। चेचिस काटकर चालक बजरंग और बगल की सीट में बैठे उनके बेटे हिमांशु को निकाला गया। हालांकि सिरसा निवासी चालक बजरंग और उनकी पीछे वाली सीट पर बैठे 11 वर्षीय दिलकुश मंडल और उसकी बहन 15 वर्षीय नेहा मंडल की मौत हो गई। हादसे में दोनों बच्चों के पिता नरेश मांझी, मां सावित्री और छोटी बहन स्नेहा मंडल के साथ ही वकील यादव, उसकी बेटी रिया व अनिशा और साली कविता कुमारी, हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। केसर के मुताबिक पीछे की सीट में बैठे होने की वजह से उन्हें मामूली चोट आई है। उन्होंने आशंका जताई है कि हादसा चालक को झपकी आने की वजह से हुआ है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।