VIDEO: हम पाकिस्तान के सांसद नहीं हैं...अफसरों पर भड़के सपा एमपी आनंद भदौरिया

Pawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, लखीमपुर खीरी
share

सपा सांसद आनंद भदौरिया ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में सांसदों की अनदेखी की जा रही है। वह पाकिस्तान के सांसद नहीं हैं, हिन्दुस्तान के ही सांसद हैं।

VIDEO: हम पाकिस्तान के सांसद नहीं हैं...अफसरों पर भड़के सपा एमपी आनंद भदौरिया

UP News: लखीमपुर खीरी में आयोजित दिशा समिति की बैठक में धौरहरा से सपा सांसद आनंद भदौरिया ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में सांसदों की अनदेखी की जा रही है। शिलापट्टों पर उनके नाम नहीं लिखे जा रहे और न ही उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जा रहा है। अधिकारियों से पक्ष-विपक्ष का भेदभाव खत्म करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, 'हम पाकिस्तान के सांसद नहीं हैं, हिन्दुस्तान के ही सांसद हैं।' उनका यह बयान और नाराजगी जताने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को खीरी के सांसद उत्कर्ष वर्मा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। विशिष्ट अतिथि के रूप में धौरहरा के सपा सांसद आनंद भदौरिया मौजूद रहे। यहां उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर विषय है। चाहे ग्राम विकास, क्षेत्र पंचायत या किसी भी योजना के तहत काम हो रहा हो, लेकिन सांसदों के नाम नहीं लिखे जा रहे हैं। यदि कहीं ऐसा हो रहा है तो कृपया इस पर संज्ञान लिया जाए। इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।

Voice of UP

सपा सांसद ने आगे कहा कि हम लगातार क्षेत्र में घूमते रहते हैं और लोगों से मिलते रहते हैं। आप भी इसकी जांच करा लीजिए। जब शासन का स्पष्ट निर्देश है कि विकास योजनाओं के शिलापट्टों पर सभी जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित किए जाएं, तो फिर किसी भी ग्राम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत या अन्य किसी स्थान पर सांसदों के नाम क्यों नहीं लिखे जा रहे हैं। सांसद, सांसद होता है, चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का। हम भी जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं। इसलिए किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी जनप्रतिनिधियों के नाम शिलापट्टों पर समान रूप से लिखे जाने चाहिए।

सपा सांसद ने जल जीवन मिशन को बताया सबसे बड़ी घोटाले वाली योजना

बैठक के बाद सपा सांसद आनन्द भदौरिया ने जल जीवन मिशन को आजादी के बाद भारत की सबसे बड़ी घोटाले वाली योजना बताया। सांसद ने कहा कि अफसर बता रहे हैं कि खाद पर्याप्त है जबकि समितियों पर अंधेरगर्दी चल रही है। किसान लाइनें में लगे हैं। खाद जाती कहां है इसकी जांच कराई जाए। गोला में निर्माणाधीन ओवरब्रिज की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया। दुग्ध मिशन, प्रधानमंत्री शहरी व ग्रामीण आवास योजना की समीक्षा की। सांसद ने जलजीवन मिशन के तहत पाइप लाइन डालने और खोदी गई सड़कों का मुद्दा भी उठाया। पीडब्ल्यूडी, एमडीएम, कस्तूरबा स्कूल, बांटमाप, बिजली, जंगली जानवरों से लोगों को बचाव के किए गए इंतजामों को पूछा। इसके अलावा सरकार की अन्य योजनाओं की समीक्षा की। बैठक का संचालन सीडीओ अभिषेक कुमार ने किया। डीएम अंजनी कुमार सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त शिवाकांत द्विवेदी आदि अधिकारी भी मौजूद रहे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।