शिलान्यास से पहले सपा विधायक हाउस अरेस्ट; घर के बाहर बैरिकेडिंग, अमिताभ बोले- ये लोकतंत्र के खिलाफ
कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई को एक हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। ये कार्रवाई परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लास बनाने के कार्यक्रम के शिलान्यास के पहले की गई है। इससे पहले कल भाजपा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ था। बीजेपी पार्षद ने विधायक को चप्पल दिखाई थी।

कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी के 15 मई (आज) को परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लास बनाने के कार्यक्रम के शिलान्यास के पहले ही गुरुवार देर रात पुलिस ने विद्यालय के आस-पास और विधायक के घर के बाहर बैरिकेडिंग लगा दी। इस मामले की जानकारी विधायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो जारी कर दी। उन्होंने कहा कि अपनी विधानसभा में स्वीकृत कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को रोकने की पुलिस की कार्यशैली लोकतंत्र के खिलाफ है। इस घटना को लोकतंत्र के काले अध्याय के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि रात में आने की जरूरत नहीं है। रात में कही ना निकलें। शुक्रवार सुबह 10 बजे सभी साथियों से मुलाकात होगी।
स्कूल में स्मार्ट क्लास रूम का शिलान्यास प्रस्तावित है
बता दें विधायक अमिताभ बाजपेई अपनी निधि से तीन स्मार्ट क्लास रूम बनवाने जा रहे हैं। इसका शिलान्यास 15 मई को प्रस्तावित है, जबकि 14 मई को सांसद को अपनी निधि से कुछ काम कराए जाने वाले कामों का शिलान्यास करना था। हालांकि सपा विधायक 13 मई को प्राथमिक विद्यालय पहुंच गए थे। इस पर आपत्ति जताते हुए भाजपाइयों ने हंगामा किया था। इससे पहले बुधवार को स्कूल अखाड़ा बन गया था। मजदूरों और सुपरवाइजर से मारपीट का भाजपा नेता सुरेश अवस्थी पर आरोप लगा तो सपा विधायक अमिताभ बाजपेई वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों के समर्थकों के बीच झड़प और हाथापाई हुई। सपा विधायक को भाजपा पार्षद और समर्थकों ने चप्पल दिखाई और अपशब्द कहे। अमिताभ धरने पर बैठे तो पुलिस उन्हें उठाकर ले जाने लगी तो भाजपाइयों ने धक्का दिया। किसी तरह पुलिस उनको बाहर लेकर निकली। जब स्कूल अखाड़ा बना हुआ था तो बच्चे वहां पढ़ रहे थे।
भाजपाई-सपाई भिड़े, जमकर हाथापाई हुई
स्कूल के भीतर स्मार्ट स्कूल परियोजना 15 मई को शिलान्यास के लिए सपा विधायक अमिताभ बाजपेई का ठेकेदार गगन दीक्षित शिलापट्ट लगवा रहे थे। सुपरवाइजर दुर्गेशचंद्र की देखरेख में मजदूर काम कर रहे थे। तभी भाजपा नेता सुरेश अवस्थी पहुंच गए और कहा 14 मई को सांसद रमेश अवस्थी का भी स्कूल जीर्णोद्धार का कार्यक्रम होना है। दोनों तरफ से इसके पोस्टर लग चुके हैं। इसी बात पर अमिताभ बाजपेई और सुरेश अवस्थी में नोकझोंक होने लगी। दोनों के समर्थक आ गए और हंगामे, हाथापाई तक पहुंच गई।
क्या बोले सपा विधायक अमिताभ बाजपेई
इस दौरान सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने बताया कि परमट में जर्जर प्राइमरी स्कूल को दो सालों से बनवाने कोशिश कर रहा हूं लेकिन इसके ठीक सामने भाजपा नेता सुरेश अवस्थी का घर है। वह इसमें पार्किंग बनवाना चाहते हैं। वह चाहता तो पुलिस से काम रोकवा सकता था, लेकिन खुद जाकर लेबर और सुपरवाइजर को मारा है। ठेकेदार, जिसका नाम गगन दीक्षित है उसको मुसलमान बता रहे हैं। मुझको बुलवाया गया, मैं अकेले पहुंचा और फिर जूता-चप्पल दिखाई गई। सुपरवाइजर दुर्गेश ने तहरीर दी है। मैं भी उसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर तहरीर दूंगा।


